PM Modi Red Fort Speech: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को स्वतंत्रता दिवस पर 75 मिनट का संबोधन दिया, जो पिछले चार वर्षों में उनका सबसे छोटा और अब तक का चौथा सबसे छोटा स्वतंत्रता दिवस भाषण रहा। पिछले वर्ष 79वें स्वतंत्रता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने 103 मिनट का भाषण दिया था, जो उनका अब तक का सबसे लंबा संबोधन था। इससे पहले उन्होंने 78वें स्वतंत्रता दिवस (2024) पर 98 मिनट का भाषण देकर अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा था।
साल 2024 से पहले प्रधानमंत्री मोदी का सबसे लंबा स्वतंत्रता दिवस भाषण 2016 में 96 मिनट का था, जबकि उनका सबसे छोटा भाषण 2017 में 56 मिनट का रहा था। शनिवार को मोदी ने लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वां स्वतंत्रता दिवस संबोधन दिया। पिछले वर्ष उन्होंने लगातार 12 बार लाल किले से संबोधन देकर इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ा था और इस मामले में वह केवल जवाहरलाल नेहरू से पीछे हैं, जिन्होंने लगातार 17 बार लाल किले की प्राचीन से देश को संबोधित किया था।
2014 में पीएम मोदी ने 65 मिनट का दिया था भाषण
प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में अपना पहला स्वतंत्रता दिवस भाषण दिया था, जो 65 मिनट का था। उनका 2015 का भाषण 88 मिनट, 2018 का 83 मिनट, 2019 का लगभग 92 मिनट, और 2020 का भाषण 90 मिनट का था। इसके बाद 2021 में उनका संबोधन 88 मिनट, 2022 में 74 मिनट, और 2023 में 90 मिनट का रहा। मोदी से पहले जवाहरलाल नेहरू ने 1947 और आई. के. गुजराल ने 1997 ने क्रमशः 72 मिनट और 71 मिनट के सबसे लंबे स्वतंत्रता दिवस भाषण दिए थे।
वहीं, जवाहरलाल नेहरू ने 1954 और इंदिरा गांधी ने 1966 में स्वतंत्रता दिवस पर सबसे छोटे भाषण दिए थे, जिनकी अवधि केवल 14 मिनट थी। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अटल बिहारी वाजपेयी के कुछ स्वतंत्रता दिवस भाषण भी सबसे छोटे भाषणों में शामिल हैं। मनमोहन सिंह के 2012 और 2013 के भाषण क्रमशः 32 मिनट और 35 मिनट के थे, जबकि अटल बिहारी वाजपेयी के 2002 और 2003 के भाषण क्रमशः 25 मिनट और 30 मिनट के रहे थे।
