पीएम मोदी रविवार को तेलंगाना के महबूबनगर पहुंचे, जहां उन्होंने कई प्रोजेक्ट का उद्घाटन और शिलांन्यास किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। तेलंगाना में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पीएम मोदी का यह दौरा काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
विकास परियोजनाओं की आधारशिला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तेलंगाना के महबूबनगर में 13,500 करोड़ रुपए से अधिक की कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखी। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महबुबनगर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कृष्णा स्टेशन से हैदराबाद (काचेगुडा) - रायचूर - हैदराबाद (काचेगुडा) ट्रेन सेवा का उद्घाटन भी किया।
बड़ी घोषणाएं
इसके एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नागपुर-विजयवाड़ा कॉरिडोर के जरिए तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र में आवाजाही बहुत आसान होने वाली है। इसके कारण इन तीनों राज्यों में व्यापार, टूरिज्म और इंडस्ट्री को भी काफी बढ़ावा मिलेगा। आगे पीएम मोदी ने कहा- "आज मैं तेलंगाना की धरती से घोषणा कर रहा हूं कि केंद्र सरकार ने हल्दी किसानों के हित के लिए और उनकी आवश्यकता व भावी संभावनाओं को देखते हुए राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड के गठन का फैसला किया है। आज मैं यहां से एक और घोषणा कर रहा हूं। भारत सरकार मुलुगु जिले में एक सेंट्रल ट्राइबल यूनिवर्सिटी की स्थापना करने जा रहा है। इसका नाम आदिवासी देवियां सम्मक्का-सारक्का के नाम पर रखा जाएगा।"
गिनाईं उपलब्धियां
2014 में एलपीजी कनेक्शनों की संख्या लगभग 14 करोड़ थी, अब यह बढ़कर 32 करोड़ से ज्यादा हो गई है। हाल ही में हमने गैस सिलेंडर के दाम भी कम किए हैं।
