देश

पीएम मोदी ने देखी ‘द साबरमती रिपोर्ट’, बोले- मैं फिल्म के निर्माताओं की सराहना करता हूं

The Savarmati Report: पीएम मोदी ने गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने की घटना पर आधारित फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट' देखी। फिल्म की स्क्रीनिंग में पीएम एनडीए के साथी सांसदों के साथ शामिल हुए। उन्होंने फिल्म के निर्माताओं के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री ने क्या कुछ कहा, आपको इस रिपोर्ट में बताते हैं।

Image

पीएम मोदी ने देखी फिल्म 'द साबरमती रिपोर्ट'

PM Modi on Film The Savarmati Report: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार शाम को फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ देखी। अधिकारियों ने ये जानकारी साझा की है कि पीएम मोदी संसद पुस्तकालय भवन स्थित बालयोगी सभागार पहुंचे और वहां उन्होंने विक्रांत मैसी अभिनीत फिल्म देखी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फिल्म के निर्माताओं की सराहना की।

फिल्म के बारे में पीएम मोदी ने दी ये प्रतिक्रिया

पीएम मोदी ने फिल्म ‘द साबरमती रिपोर्ट’ देखने के बाद इसके निर्माताओं की तारीफ की और कहा कि मैं फिल्म के निर्माताओं की उनके प्रयास के लिए सराहना करता हूं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा कि 'द साबरमती रिपोर्ट' की स्क्रीनिंग में एनडीए के साथी सांसदों के साथ शामिल हुआ। मैं फिल्म के निर्माताओं के प्रयासों की सराहना करता हूं।

‘द साबरमती रिपोर्ट’ फिल्म की क्या है कहानी?

धीरज सरना द्वारा निर्देशित इस फिल्म में 27 फरवरी, 2002 को गोधरा में साबरमती एक्सप्रेस में आग लगने की घटना के पीछे की सच्चाई को उजागर करने का दावा किया गया है, जिसमें एक धार्मिक समारोह में भाग लेने के बाद अयोध्या से लौट रहे 59 श्रद्धालुओं की मौत हो गई थी। पन्द्रह नवंबर को रिलीज हुई 'द साबरमती रिपोर्ट' में मैसी के अलावा राशि खन्ना और रिद्धि डोगरा मुख्य भूमिका में हैं।

'फिल्म "द साबरमती रिपोर्ट" से उजागर हुई सच्चाई'

इसी बीच उत्तर प्रदेश के मथुरा लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने 'द साबरमती रिपोर्ट' को 'शानदार फिल्म' बताते हुए कहा कि इसके प्रदर्शन से जो सच्चाई हम सभी से छिपाई गई थी, वह उजागर हुई है। उन्होंने कहा कि इस फिल्म के आने के बाद कई गलतफहमियां दूर हुई हैं। एकता कपूर द्वारा निर्मित एवं धीरज सरना द्वारा निर्देशित 'द साबरमती रिपोर्ट' 15 नवंबर को रिलीज हुई थी। यह वर्ष 2002 के गोधरा कांड पर आधारित फिल्म है। संसद के शीतकालीन सत्र में भाग लेने के बाद हेमा मालिनी अचानक रविवार को मथुरा पहुंचीं और रूपम सिनेमा हॉल में 'द साबरमती रिपोर्ट' फिल्म देखी।

फिल्म देखने के बाद उन्होंने अपनी पहली प्रतिक्रिया में कहा, ''यह बहुत अच्छी फिल्म है। इसमें दिखाया गया है कि वास्तव में क्या हुआ था।'' भाजपा सांसद ने कहा, ''लोगों को अब तक इस घटना (गोधरा कांड) के बारे में बहुत ही गलतफहमियां थीं, कहा जा रहा था कि यह एक दुर्घटना थी। लेकिन, इस फिल्म से मालूम पड़ता है कि ऐसा नहीं था। हम सब जानते हैं कि कई वर्षों से इस सच्चाई को छिपाकर रखा गया था। फिल्म ने सब उजागर कर दिया है।'' उन्होंने फिल्म निर्माता एकता कपूर के प्रयास एवं कलाकार विक्रांत मैसी के अभिनय की तारीफ भी की।

हेमा ने बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों के संबंध में कहा, ''जो हो रहा है वह अच्छा नहीं है। ऐसा नहीं होना चाहिए। हमने सरकार से इस बारे में कहा है। प्रधानमंत्री से भी इस पर बात की है। सरकार भी इस पर काम कर रही है।'' अभिनेत्री ने आश्चर्य प्रकट करते हुए कहा कि ताज्जुब है कि इतने वर्षों से सभी (हिन्दू-मुसलमान) मिलजुल कर रह रहे थे। अब अचानक ऐसा क्या हो गया कि सब कुछ बदल गया। हर बार हिन्दुओं को ही निशाना बनाया जा रहा है।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article