National Space Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश के स्पेस सेक्टर को रफ्तार देने वाले स्टार्टअप्स और फाउंडर्स से मुलाकात की। इस दौरान देश के तेजी से बढ़ते प्राइवेट स्पेस इकोसिस्टम पर चर्चा हुई। स्पेस टेक्नोलॉजी, नए इनोवेशन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे मुद्दों पर भी पीएम मोदी ने फाउंडर्स से बातचीत की।
पीएम नरेंद्र मोदी के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल से एक वीडियो शेयर किया गया। वीडियो में देखा जा सकता है कि पीएम मोदी ने देश की स्पेस टेक्नोलॉजी पर अपनी बातें रखीं। उन्होंने फाउंडर्स से बातचीत करते हुए कहा, "हम स्पेस सेक्टर में ऐसी जगह हैं, जहां उत्तम प्रकार का कॉमर्शियल मॉडल है। कॉस्ट में हम बहुत कॉम्पिटिटिव हैं। टैलेंट में तो कोई प्रश्न ही नहीं उठता और रिस्क-टेकिंग कैपेसिटी तो हमारे देश के लोगों में बहुत है।"
उन्होंने आगे कहा, "हमें एक ऐसा ऑरा खड़ा कर देना चाहिए कि इस फील्ड (स्पेस सेक्टर) में दुनियाभर के टैलेंटेड लोगों को हम अपनी ओर यानी इंडियन कंपनी की ओर खींच सकें।"
नेशनल स्पेस डे पर पीएम मोदी का संदेश
नेशनल स्पेस डे के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ‘Happy National Space Day!’ पीएम ने भारत के युवाओं और इनोवेटर्स से बड़े सपने देखने, ज्यादा इनोवेशन करने और नई सीमाओं को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि भारत के स्पेस सेक्टर की युवा ऊर्जा से मिलकर उन्हें काफी अच्छा लगा। उनके मुताबिक, युवा उद्यमियों और इनोवेटर्स ने चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में कदम रखा, जोखिम उठाया और लगातार सुधार की कोशिश की।
'विक्रम-I' ने रचा इतिहास
सरकार ने पिछले कुछ सालों में अंतरिक्ष क्षेत्र को निजी कंपनियों और स्टार्टअप्स के लिए खोला है। इसका असर भी दिख रहा है। देश में सैटेलाइट, रॉकेट, स्पेस डेटा और दूसरी आधुनिक तकनीकों पर काम करने वाले कई नए स्टार्टअप सामने आए हैं। बता दें कि इसी साल जुलाई महीने में हैदराबाद की स्टार्टअप कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के प्राइवेट रॉकेट ‘विक्रम-I’ ने अंतरिक्ष में सफलतापूर्वक उड़ान भरी थी।
