Sardar Patel 150th Birth Anniversary: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया में गुरुवार को सरदार वल्लभभाई पटेल के परिवार से मुलाकात की। यह मुलाकात सरदार पटेल की 150वीं जयंती की पूर्व संध्या पर हुई। इसके बाद पीएम मोदी ने एक विशेष डाक टिकट और एक स्मारक सिक्का भी जारी किया, जिसमें देश की मुद्रा अंकित है।
PM मोदी ने साझा की तस्वीर
पीएम मोदी ने सरदार पटेल के परिवार से बातचीत की। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी की और कहा, ''केवड़िया में सरदार वल्लभभाई पटेल के परिवार से मुलाकात की। उनसे बातचीत करके और हमारे राष्ट्र के लिए सरदार पटेल के अमूल्य योगदान को याद करके बहुत खुशी हुई।''
भव्य समारोह का होगा आयोजन
पीएम मोदी शुक्रवार को नर्मदा जिले के एकता नगर में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर आयोजित समारोह का नेतृत्व करेंगे। एकता नगर में भारत के पहले गृह मंत्री पटेल के सम्मान में स्थापित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ स्थित है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि ‘भारत के लौह पुरुष’ की जयंती के उपलक्ष्य में मनाए जाने वाले इस वर्ष के राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में एक सांस्कृतिक उत्सव और सुरक्षा बलों द्वारा राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का आयोजन शामिल होगा, जिसमें उनके कौशल, अनुशासन और वीरता का प्रदर्शन किया जाएगा। गुजरात सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस वर्ष एकता नगर में आयोजित होने वाले समारोह का एक प्रमुख आकर्षण सशस्त्र बलों की ‘‘गणतंत्र दिवस शैली’’ की परेड होगी। परेड में राज्य की झांकियों सहित 10 झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
