Delhi News: देश के गांव-गांव तक मोबाइल नेटवर्क की समस्याओं से छुटकारा दिलाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खास प्लान तैयार किया है। पीएम मोदी ने नेटवर्क से जुड़ी बाधाओं को दूर करने के लिए डेडलाइन तय कर दी है। उन्होंने सभी विभागों को ये निर्देश दिया है कि दूर-दराज के इलाकों में मोबाइल फोन नेटवर्क कवरेज हासिल करने के लिए उचित कदम उठाया जाए। पीएम ने कहा है कि मार्च 2024 तक भारत के सभी गांवों में मोबाइल टावर हों।
मोबाइल नेटवर्क की समस्या दूर करने की डेडलाइन हुई तय
टाइम्स ऑफ इंडिया (TOI) के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'प्रगति' की बैठक में देरी के बारे में चिंता व्यक्त करते हुए मोबाइल नेटवर्क की समस्याएं खत्म करने के लिए डेडलाइन तय कर दी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि स्थानीय लोगों की बांधों के निर्माण के संबंध में आपत्तियां हो सकती हैं, लेकिन संचार नेटवर्क को बढ़ाने के लिए वे दूरसंचार टावरों को स्थापित करने के पक्ष में हैं।
पीएम मोदी ने मोबाइल टावर और 4जी कवरेज की समीक्षा
प्रगति की इस बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने 'यूएसओएफ परियोजनाओं के तहत मोबाइल टावर और 4जी कवरेज' की समीक्षा भी की। अधिकारियों ने जब काम में देरी की वजह बताते हुए जमीन की उपलब्धता नहीं होने और दूरदराज स्थानों का हवाला दिया तो पीएम मोदी ने बांधों के निर्माण की तुलना दूरसंचार टावरों से की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अधिकारियों ने कार्य पूरा करने के लिए ये सुझाव दिया कि अधिक समय की आवश्यकता है, तो पीएम मोदी ने कहा कि वित्तीय वर्ष के अंत तक काम पूरा हो जाना चाहिए। बैठक में पीएम मोदी ने गुजरात में 66 टावरों की स्थापना में हो रही देरी को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
