देश

कैसे तैयार हुआ सपा का घोषणापत्र! महिला, युवा-शिक्षकों के लिए मेनिफेस्टो में होंगे कौन-कौन से वादे

मेनिफेस्टो तैयार करने में तकनीक का भी इस्तेमाल हुआ। जूम कॉल के जरिए टीम ने देश-प्रदेश के महत्वपूर्ण विशेषज्ञों से बात की और उनके सुझाव दर्ज किए। इसके अलावा उद्योग जगत के लोगों से भी चर्चा की गई कि उद्योगों के लिए सरकार क्या कर सकती है, ताकि निवेश और रोजगार के मोर्चे पर ठोस वादे किए जा सकें।

Image

यूपी चुनाव के लिए सपा जारी करेगी अपना घोषणापत्र। तस्वीर-AI

SP Manifesto 2027: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) ने विशेष तैयार की है। यह खास तैयारी उसके घोषणापत्र को लेकर भी है। सूत्रों का कहना है कि अपना चुनावी घोषणा पत्र तैयार करने के लिए सपा ने एक विशेष टीम का गठन किया था। इस टीम में अहम पदों से रिटायर हुए ब्यूरोक्रेट्स को जगह दी गई, ताकि नीतियों और प्रशासनिक पहलुओं की गहरी समझ घोषणा पत्र में दिखे। साथ ही विश्वविद्यालयों के कुलपति पद से रिटायर हुए शिक्षाविदों को भी शामिल किया गया, जिससे शिक्षा और शोध से जुड़े मुद्दों पर ठोस सुझाव मिल सकें।

चुनावी प्रबंधन से जुड़ी एजेंसी ने भी दी है सेवा

इनके अलावा चुनावी प्रबंधन से जुड़ी एक एजेंसी ने भी इस पूरी प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पार्टी के अलग-अलग फ्रंटल संगठनों को भी इस प्रक्रिया का हिस्सा बनाया गया और उनसे फीडबैक लिया गया, ताकि संगठन के भीतर की आवाज घोषणा पत्र तक पहुंचे। मुद्दों को गहराई से समझने के लिए टीम ने महिलाओं, किसानों और युवाओं के लिए अलग-अलग उप-टीमें बनाईं। हर टीम ने अपने वर्ग की समस्याओं और जरूरतों पर अलग से काम किया। इन टीमों ने सिर्फ बंद कमरों में बैठकर काम नहीं किया, बल्कि जगह-जगह जाकर ग्राउंड पर लोगों से मुलाकात की, उनका फीडबैक लिया और मुद्दों को करीब से जाना।

मेनिफेस्टो तैयार करने में तकनीक का भी इस्तेमाल

मेनिफेस्टो तैयार करने में तकनीक का भी इस्तेमाल हुआ। जूम कॉल के जरिए टीम ने देश-प्रदेश के महत्वपूर्ण विशेषज्ञों से बात की और उनके सुझाव दर्ज किए। इसके अलावा उद्योग जगत के लोगों से भी चर्चा की गई कि उद्योगों के लिए सरकार क्या कर सकती है, ताकि निवेश और रोजगार के मोर्चे पर ठोस वादे किए जा सकें। इस तरह नौकरशाही के अनुभव, शिक्षाविदों की समझ, एजेंसी की रणनीति, जमीनी फीडबैक और विशेषज्ञों की राय को मिलाकर सपा का यह मैनिफेस्टो तैयार किया गया।

मेनिफेस्टो के मुख्य बिंदु

1. पुरानी पेंशन योजना की बहाली

2. संविदा पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित किया जाए

3. उत्तर प्रदेश सरकार में खाली पड़े पदों को भरा जाए

4. आउटसोर्सिंग बंद की जाए, जिससे युवाओं का बहुत शोषण हो रहा

5. जो लोग पहले से आउटसोर्सिंग में हैं, उन्हें नियमित किया जाए

6. सेवानिवृत्ति की आयु बढ़ाकर 65 वर्ष की जाए

7. शिक्षकों को पढ़ाने के अलावा किसी भी तरह के कार्य में न लगाया जाए

8. सभी लोकतांत्रिक संस्थाओं जैसे शिक्षक, छात्र और गैर-शिक्षण संघों के चुनाव कराए जाएं

9. महिलाओं के लिए 40 हजार रुपए की पेंशन

10. 15000 करोड़ का रिवॉल्विंग फंड

11. पुलिसिंग और स्वास्थ में AI और रिमोट सेंसिंग का इस्तेमाल

12. 24 घंटे के भीतर गन्ना भुगतान

13. मार्केट रेट पर होगा भूमि अधिग्रहण

14. बिना किसी कार्ड के गरीबों का मुफ्त इलाज

सेंट्रल होटल में शाम 4 बजे लॉन्च होगा मेनिफेस्टो

समाजवादी पार्टी के इस मेनिफेस्टो का नाम होगा 'जनमन का मेनिफेस्टो' जिसकी टैगलाइन है '27 का संकल्प PDA का प्राण पत्र'। यह मेनिफेस्टो तीन भाग में आएगा जिसका पहला भाग आज लखनऊ के सेंट्रल होटल में शाम 4 बजे अखिलेश यादव तमाम समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ लॉन्च करेंगे। समाजवादी पार्टी का जिलावार घोषणा पत्र और महिलाओं से जुड़ा घोषणा पत्र जनवरी में लॉन्च होगा। जिला बार घोषणा पत्र के लिए लगभग 50% काम पूरा हो चुका है। 'जनमन का मेनिफेस्टो' तैयार करने में समाजवादी पार्टी को 1 साल लगे। मेनिफेस्टो की इस टीम को पूर्व आईएएस आलोक रंजन सहित तीन लोग तैयार कर रहे थे। इसके अतिरिक्त रिसर्च टीम भी लगाई गई थी।

Vinod Mishra
विनोद मिश्राauthor

दिल्ली से लेकर यूपी की राजधानी लखनऊ में करीब दो दशक से टीवी पत्रकारिता कर रहें है। यूपी की सियासत की नब्ज और ब्यूरोकेसी की समझ है। पत्रकारिता एक पैशन है।

और पढ़ें
End of Article