देश

PM मोदी ने छत्तीसगढ़ में किया 33 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का उद्घाटन, मेमू ट्रेन सेवा को दिखाई हरी झंडी; जानें क्या बोले

Chhattisgarh : पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 33700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन से किए हर वादे को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।

Image

छत्तीसगढ़ में 33 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का पीएम मोदी ने किया उद्घाटन

Photo : ANI

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 33700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की कई प्रमुख विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इन विकास परियोजनाओं में बिजली, तेल और गैस, रेल, सड़क, शिक्षा और आवास जैसे क्षेत्र शामिल हैं। पीएम मोदी ने पीएम आवास योजना के तहत लाभार्थियों को चाबियां भी वितरित कीं। प्रधानमंत्री ने अभनपुर-रायपुर रेल खंड पर मेमू ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई और राज्य में भारतीय रेलवे नेटवर्क के पूर्ण विद्युतीकरण को समर्पित किया।

पीएम मोदी ने बिलासपुर में 9790 करोड़ रुपये की लागत की एनटीपीसी की सीपत सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट स्टेज- III (1x800MW) की आधारशिला रखी। उन्होंने पश्चिमी क्षेत्र विस्तार योजना (WRES) के तहत 560 करोड़ रुपये से अधिक की लागत की पावरग्रिड की तीन बिजली पारेषण परियोजनाओं को भी समर्पित किया। इसके अलावा, उन्होंने हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) की विशाख-रायपुर पाइपलाइन (वीआरपीएल) परियोजना की आधारशिला रखी, जो 540 किलोमीटर लंबी है और इसकी लागत 2210 करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने एनएच-130डी (47.5 किमी) के कोंडागांव-नारायणपुर खंड को पक्के कंधे के साथ दो लेन में उन्नत करने की भी घोषणा की।

हर वादे को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध- पीएम मोदी

पीएम मोदी ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता-जनार्दन से किए हर वादे को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। नवरात्रि के पहले दिन बिलासपुर में हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण मेरे लिए सौभाग्य की बात है। प्रधानमंत्रीने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक जनसभा को संबोधित करने से पहले कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने मंदिर हसौद के रास्ते अभनपुर-रायपुर सेक्शन में मेमू ट्रेन सेवा को भी हरी झंडी दिखाई। पीएम ने कहा कि आज पहला नवरात्रि है और छत्तीसगढ़ तो माता महामाया की धरती है। यह माता कौशल्या का मायका भी है। ऐसे में मातृशक्ति को समर्पित ये नौ दिन छत्तीसगढ़ के लिए बहुत विशेष रहते हैं और मेरा सौभाग्य है कि नवरात्रि के पहले दिन ही मैं यहां पहुंचा हूं। उन्होंने कहा कि थोड़ी देर पहले 33700 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें गरीबों के घर, स्कूल, रोड, रेल, बिजली, गैस की पाइपलाइन शामिल है। ये सारे प्रोजेक्ट्स छत्तीसगढ़ के लोगों को सुविधाएं देने वाले हैं। आप सभी को इस विकास कार्य के लिए बहुत-बहुत बधाई।

पीएम मोदी ने नागपुर का भी किया

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साईं ने पीएम मोदी को राज्य की पारंपरिक शॉल और बेल मेटल से बनी मां बिलासा की मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया, जिनके नाम पर बिलासपुर शहर का नाम रखा गया है। इससे पहले दिन में, पीएम मोदी ने नागपुर का दौरा किया, जहां उन्होंने आरएसएस मुख्यालय स्मृति मंदिर में आरएसएस के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी की नागपुर यात्रा वर्ष प्रतिपदा के दिन हुई, जो हेडगेवार की जयंती है। उनके साथ आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी थे।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article