देश

पीएम मोदी ने की नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से बात, भारत के पूरे समर्थन का दिया भरोसा

पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने पिछले हफ्ते ही नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। सुशीला कार्की इस हिमालयी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं हैं। पीएम मोदी ने उन्हें भारत के पूरे समर्थन का भरोसा दिया है।

Image

पीएम मोदी ने की नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से बात (PTI)

PM Modi Talks With Sushila Karki: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से बात की और शांति व स्थिरता बहाल करने के प्रयासों के लिए उन्हें भारत का समर्थन व्यक्त किया। पीएम मोदी ने ट्वीट किया, नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की के साथ गर्मजोशी से बातचीत हुई। हाल ही में हुई दुखद जनहानि पर हार्दिक संवेदना व्यक्त की और शांति एवं स्थिरता बहाल करने के उनके प्रयासों के प्रति भारत के दृढ़ समर्थन की पुष्टि की। साथ ही, मैंने उन्हें और नेपाल की जनता को कल उनके राष्ट्रीय दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं सुशीला कार्की

पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने पिछले हफ्ते ही नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला था। सुशीला कार्की इस हिमालयी देश की पहली महिला प्रधानमंत्री बनीं हैं। सुशीला कार्की ने सिंह दरबार में अपना कार्यभार संभाला, जो कई दिनों के हिंसक विरोध प्रदर्शन के बाद नेपाल में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक बदलाव का प्रतीक बना है।

नेपाल की 73 वर्षीय पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की ने 14 सितंबर को अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली थी। देश में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रतिबंध से उपजे तनाव और फिर भ्रष्टाचार और आर्थिक असमानता से गुस्साए Gen Z ने बड़े पैमान पर विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान भारी हिंसा हुई थी। बड़े विरोध प्रदर्शनों के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सामूहिक रूप से अंतरिम पद के लिए सुशीला कार्की के नाम का समर्थन किया और उनकी ईमानदारी और स्वतंत्रता का हवाला देते हुए अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में उनकी नियुक्ति सुनिश्चित की।

सुशीला कार्की ने इन्हें बनाया मंत्री

सुशीला कार्की ने अपने मंत्रिमंडल में तीन मंत्रियों को शामिल किया है। नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने सुशीला कार्की की अनुशंसा पर नेपाल विद्युत प्राधिकरण के पूर्व प्रबंध निदेशक कुलमन घीसिंग, पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर खनाल और काठमांडू के मेयर बालेंद्र सलाहकार और वकील ओम प्रकाश आर्यल को मंत्री नियुक्त किया। घीसिंग ऊर्जा, जल संसाधन और शहरी विकास मंत्रालय का कार्यभार संभालेंगे, खनाल को वित्त मंत्री नियुक्त किया गया है जबकि आर्यल को कानून और गृह मंत्रालय का कार्यभार सौंपा गया है। देश में 5 मार्च 2026 को नए चुनाव होंगे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article