PM Modi Ethiopia Visit: अफ्रीकी देश इथियोपिया की संसद को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि उनके गृह राज्य गुजरात की तरह यह देश भी अपने शेरों के लिए जाना जाता है। पीएम ने कहा कि इथियोपिया की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। सर्वोच्च सम्मान पाकर वह खुद को सौभाग्यशाली महसूस कर रहे हैं। सांसदों से भरे हॉल को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम रिश्तों की नई इबारत लिख रहे हैं। भारत और इथियोपिया की सभ्यता सबसे पुरानी है और हमारी सांस्कृतिक विरासत एक है। यहां के युवा भविष्य गढ़ रहे हैं। पीएम मोदी अपने दो दिन के दौरे पर इथियोपिया पहुंचे हैं। बुधवार शाम वह ओमान के लिए रवाना हो जाएंगे।
इस महान भवन में आपके कानून गढ़े जाते हैं-पीएम मोदी
अदिस अबाबा में संसद को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा कि 'कल मुझे ‘ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया’से भी सम्मानित किया गया। मैं यह सम्मान हाथ जोड़कर और विनम्रता के साथ भारत की जनता की ओर से स्वीकार करता हूं। इस महान भवन में आपके कानून गढ़े जाते हैं, यहां जनता की इच्छा राज्य की इच्छा बनती है, और जब राज्य की इच्छा जनता की इच्छा के साथ सामंजस्य में होती है, तब योजनाओं का पहिया आगे बढ़ता है। आपके माध्यम से मैं खेतों में काम कर रहे आपके किसानों से, नए विचार गढ़ रहे उद्यमियों से, समुदायों का नेतृत्व कर रही महिलाओं से और इथियोपिया के उस युवा वर्ग से भी बात कर रहा हूं, जो भविष्य को आकार दे रहा है।
मैं भारत की ओर से भाईचारे का संदेश लेकर आया-PM
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'मैं आपके संसद, आपकी जनता और आपकी लोकतांत्रिक यात्रा के प्रति गहरे सम्मान के साथ आपके सामने आया हूं… भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से मैं मित्रता, सद्भावना और भाईचारे का संदेश लेकर आया हूं। भारत का राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ और इथियोपिया का राष्ट्रगान—दोनों ही हमारी धरती को मां के रूप में संबोधित करते हैं। ये हमें अपनी विरासत, संस्कृति और सुंदरता पर गर्व करने तथा मातृभूमि की रक्षा करने की प्रेरणा देते हैं।'
