देश

Parliament Security Breach: मुख्य आरोपी ललित झा को 7 दिन की पुलिस हिरासत, जानें अपडेट

  • Written by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 15, 2023, 05:07 PM IST

Lalit Jha Police Custody: दिल्ली की अदालत ने संसद की सुरक्षा चूक मामले में गिरफ्तार ललित झा को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा। बृहस्पतिवार शाम को ललित झा एक व्यक्ति के साथ दिल्ली के कर्तव्य पथ पुलिस थाने पहुंचा था, जहां उसे विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया।

Image

संसद की सुरक्षा में चूक के आरोपी ललित को 7 दिन की पुलिस रिमांड।

Photo : ANI

Parliament Security Breach Case Update: संसद सुरक्षा चूक के आरोपी ललित झा को दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने 7 दिन पुलिस हिरासत में भेजा दिया है। संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना के मुख्य आरोपी कहे जा रहे ललित को बृहस्पतिवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया था।

ललित झा को 7 दिन की पुलिस रिमांड

दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने संसद की सुरक्षा में चूक के आरोपी ललित झा को 7 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। बीते 14 दिसंबर को उसे पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अधिकारियों ने बताया था कि ललित झा एक व्यक्ति के साथ दिल्ली के कर्तव्य पथ पुलिस थाने पहुंचा, जहां उसे विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया।

अदालत में दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने संसद की सुरक्षा चूक मामले में अदालत से ललित झा की 15 दिन की हिरासत देने का अनुरोध किया। पुलिस ने दिल्ली की अदालत को बताया कि संसद की सुरक्षा में सेंध लगाने की घटना का मुख्य साजिशकर्ता ललित झा है। हालांकि अदालत ने इस मामले में गिरफ्तार ललित झा को सात दिन की पुलिस हिरासत में ही भेजा।

कर्तव्य पथ थाने आए ललित की हुई गिरफ्तारी

गिरफ्तारी को लेकर संबंध में एक अधिकारी ने बताया था, 'ललित झा कर्तव्य पथ थाने आया जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसे विशेष प्रकोष्ठ को सौंप दिया गया जो घटना की जांच कर रही है।' पुलिस के अनुसार, संसद की सुरक्षा में सेंध लगाना योजनाबद्ध तरीके से किया गया कृत्य था और इसे छह लोगों द्वारा अंजाम दिया गया, जिनमें से सभी अब पुलिस हिरासत में हैं।

आतंकी हमले की बरसी के दिन की घटना

संसद पर 2001 में किए गए आतंकी हमले की बरसी के दिन बुधवार को, सुरक्षा में सेंधमारी की बड़ी घटना उस वक्त सामने आई जब लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दर्शक दीर्घा से दो लोग सदन के भीतर कूद गए और ‘केन’ के जरिये पीले रंग का धुआं फैला दिया। घटना के तत्काल बाद दोनों को पकड़ लिया गया। इस घटना के कुछ देर बाद ही पीले और लाल रंग का धुआं छोड़ने वाली 'केन' लेकर संसद भवन के बाहर प्रदर्शन करने वाले एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार किया गया।

घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों को जानें

सदन में कूदने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान सागर शर्मा और मनोरंजन डी. के रूप में हुई है। संसद भवन के बाहर से गिरफ्तार किए गए दो लोगों की पहचान हरियाणा के जींद जिले के गांव घासो खुर्द की निवासी नीलम (42) और लातूर (महाराष्ट्र) के निवासी अमोल शिंदे (25) के रूप में हुई है। ये चारों आरोपी संसद पहुंचने से पहले अपने सहयोगी विशाल के घर पर ठहरे थे। पुलिस ने विशाल को भी गुरुगाम से हिरासत में लिया था। इस बीच, ललित झा के कोलकाता के पड़ोसियों ने उसे शांत स्वभाव का व्यक्ति बताया और कहा कि वे संबंधित खबरें देखकर हैरान हैं।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article