International Border: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने एक घुसपैठिये को मार गिराया। यह घटना जम्मू के आरएस पुरा सेक्टर में अब्दुलियान सीमा चौकी पर उस वक्त हुई जब बीएसएफ के जवानों ने सीमा पर संदिग्ध गतिविधि देखा।
बीएसएफ के प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि कि अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया गया है। उन्होंने सीमा पार से घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करने का दावा किया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि घुसपैठिए को आरएस पुरा सेक्टर में अब्दुलियान सीमा चौकी पर मार गिराया गया।
घुसपैठ की कोशिश नाकाम
बकौल बीएसएफ प्रवक्ता, 4 और 5 अप्रैल की रात को सतर्क बीएसएफ जवानों ने जम्मू सीमा क्षेत्र में एक संदिग्ध गतिविधि देखी। उस वक्त एक घुसपैठिया अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर रहा था। जवानों ने घुसपैठिए को चुनौती दी, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया और वह आगे बढ़ता रहा।
उन्होंने बताया कि बीएसएफ जवानों ने खतरे को भांपते हुए घुसपैठिए को मार गिराया। घुसपैठिए की पहचान और मकसद का पता लगाया जा रहा है। बीएसएफ प्रवक्ता ने कहा कि पाकिस्तानी समकक्ष के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराया जा रहा है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ ने पुलिस को सूचित किया, जिसने शव को पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताओं के लिए घटनास्थल से हटा दिया।
