देश

'परमाणु हथियारों के मामले में पाकिस्तान एक गैर-जिम्मेदार देश, परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेंगे', आसिम मुनीर के भड़काऊ बयान पर भारत की सख्त प्रतिक्रिया

सरकारी सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की टिप्पणियों से पता चलता है कि पाकिस्तान परमाणु हथियारों के मामले में एक गैर-जिम्मेदार देश है।

Image

आसिम मुनीर के गैर-जिम्मेदाराना बयान पर सख्त प्रतिक्रिया

Pakistan Army Chief Nuclear Threat: अमेरिका की जमीन से भारत को परमाणु बम की धमकी देने वाले पाकिस्तान के 'फेल्ड मार्शल' आसिम मुनीर को लेकर भारत ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा, हमारा ध्यान पाकिस्तानी सेनाध्यक्ष द्वारा अमेरिका की यात्रा के दौरान कथित तौर पर की गई टिप्पणियों की ओर आकर्षित हुआ है। परमाणु हथियार का मुद्दा उठाना पाकिस्तान की आदत है। अंतर्राष्ट्रीय समुदाय ऐसी टिप्पणियों में निहित गैरजिम्मेदारी पर अपने निष्कर्ष निकाल सकता है, जो ऐसे देश में परमाणु कमान और नियंत्रण की अखंडता पर गहरी शंकाओं को और पुष्ट करती हैं जहां सेना आतंकवादी समूहों के साथ मिली हुई है। साथ ही विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह खेदजनक है कि ये टिप्पणियां किसी मित्र देश की धरती से की गई हैं। भारत पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह परमाणु ब्लैकमेल के आगे नहीं झुकेगा। हम अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाते रहेंगे।

इसके साथ ही सरकारी सूत्रों ने कहा कि पाकिस्तानी सेना प्रमुख आसिम मुनीर की टिप्पणियों से पता चलता है कि पाकिस्तान परमाणु हथियारों के मामले में एक गैर-जिम्मेदार देश है। पाकिस्तान में परमाणु हथियारों के गैर-सरकारी तत्वों के हाथों में पड़ने का वास्तविक खतरा है।

सरकारी सूत्र के मुताबिक, पाकिस्तानी सेना प्रमुख का बयान एक चलन का हिस्सा है; जब भी अमेरिका पाकिस्तानी सेना का समर्थन करता है, तो वे हमेशा अपना असली रंग दिखाते हैं। यह इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान में लोकतंत्र नहीं है; उनकी सेना ही नियंत्रण करती है। सूत्र ने कहा, अमेरिका के स्वागत से उत्साहित होकर अगला कदम संभवतः पाकिस्तान में चुपचाप या खुलेआम तख्तापलट हो सकता है, ताकि सेना प्रमुख राष्ट्रपति बन जाएं।

आसिम मुनीर ने क्या-क्या कहा

अमेरिका के टैम्पा में पाकिस्तानी बिजनेसमैन और मानद वाणिज्य दूत अदनान असद द्वारा आयोजित एक रात्रिभोज में मुनीर ने परमाणु बमों को जमकर डींगें हाकी। मुनीर ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि हम एक परमाणु संपन्न राष्ट्र हैं। अगर हमें लगता है कि हम बर्बाद हो रहे हैं, तो हम आधी दुनिया को अपने साथ बर्बाद कर देंगे। यह टिप्पणी अमेरिकी जमीन से किसी तीसरे देश के खिलाफ परमाणु धमकी देने का पहला उदाहरण है। भारत के साथ चार दिवसीय संघर्ष के बाद दो महीनों में अपनी दूसरी अमेरिकी यात्रा पर आए मुनीर ने सिंधु नदी पर नियंत्रण को लेकर भारत पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हम भारत द्वारा बांध बनाने का इंतजार करेंगे, और जब वह ऐसा करेगा, तो हम उसे दस मिसाइलों से बर्बाद कर देंगे। उन्होंने आगे कहा, सिंधु नदी भारतीयों की पारिवारिक संपत्ति नहीं है...हमारे पास मिसाइलों की कोई कमी नहीं है, अल्हम्दुलिल्लाह।

भारत को बताया मर्सिडीज, पाकिस्तान को ट्रक

अमेरिकी धरती से भारत को गीदड़भभकी देते हुए और पाकिस्तान के अज्ञात तेल और खनिज संपदा का बखान करते हुए पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख ने भारत के संबंध में अपने देश की असली स्थिति भी उजागर कर दी। जनरल असीम मुनीर ने कथित तौर पर फ्लोरिडा के टैम्पा में आयोजित इस पाकिस्तानी सामुदायिक कार्यक्रम में कहा, भारत हाईवे पर फेरारी जैसी मर्सिडीज चला रहा है, लेकिन हम बजरी से भरे डंप ट्रक हैं। अगर ट्रक कार से टकरा जाए, तो नुकसान किसका होगा?

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article