देश

Operation Trashi I: किश्तवाड़ में सुरक्षाबलों की सटीक कार्रवाई, तीन आतंकी ढेर; कुख्यात कमांडर सैफुल्लाह भी मारा गया

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के चतरू इलाके में रविवार को सुरक्षाबलों और जैश-ए-मोहम्मद आतंकियों के बीच मुठभेड़ हुई। जिसमें तीन आतंकी मारे गए। इनमें शीर्ष आतंकवादी कमांडर सैफुल्लाह भी शामिल है।

Image

किश्तवाड़ में आतंकियों के साथ मुठभेड़

Photo : PTI

जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के छात्रू क्षेत्र में जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ जारी है। इस मुठभेड़ में अब तक तीन आतंकियों को मौत के घाट उतारा जा चुका है। सेना के व्हाइट नाइट कोर ने बताया कि किश्तवाड़ में ऑपरेशन त्राशी-I के तहत जारी अभियान में सीआईएफ (डी) व्हाइट नाइट कोर के जवानों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के समन्वय से तीसरे आतंकवादी को मार गिराया है। आतंकवादी के अवशेष और हथियार बरामद कर लिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ स्थल पर एक और आतंकवादी का जला हुआ शव मिला है।

अधिकारियों ने बताया कि मारे गए सभी आतंकवादियों के शव बुरी तरह जल गए थे, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी है। उन्होंने बताया कि गोलीबारी के दौरान जिस मिट्टी के घर में वे छिपे हुए थे उसमें आग लग गई थी। उन्होंने यह भी बताया कि सुरक्षा एजेंसियों के प्रारंभिक आकलन से पता चलता है कि मृतकों में से एक कुख्यात जैश-ए-मोहम्मद कमांडर सैफुल्लाह है। खबरों के मुताबिक,वह लगभग पांच साल पहले जम्मू और कश्मीर में घुसपैठ कर चुका था और तब से इस क्षेत्र में सक्रिय रहा है। इतना ही नहीं कथित तौर पर सुरक्षा बलों पर कई घातक हमलों की साजिश रच चुका है, जिसमें जुलाई 2024 में हुआ एक हमला भी शामिल है जिसमें चार सैनिक मारे गए थे।

संयुक्त अभियान में सफलता

खुफिया एजेंसियों से मिली पुख्ता जानकारी के आधार पर सेना,जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ ने आज सुबह इलाके में तलाशी अभियान शुरू किया था। सुरक्षा बलों के अनुसार,आतंकियों ने तलाशी टीम पर गोलीबारी की,जिसके बाद भीषण मुठभेड़ हुई। कार्रवाई के दौरान दो एके-47 राइफलें और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया। व्हाइट नाइट कोर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि चुनौतीपूर्ण भूभाग और मौसम के बावजूद जवानों ने “तेज और सटीक” कार्रवाई करते हुए आतंकियों को निष्क्रिय किया। उत्तरी कमान ने दोहराया कि जम्मू-कश्मीर को आतंकवाद मुक्त बनाने के लक्ष्य के लिए अभियान जारी रहेगा।

इस साल सात आतंकी ढेर

रविवार की कार्रवाई के साथ ही इस वर्ष जम्मू क्षेत्र में अलग-अलग मुठभेड़ों में जैश-ए-मोहम्मद के कुल सात आतंकवादी मारे जा चुके हैं। इससे पहले उधमपुर और कठुआ में भी सुरक्षा बलों ने आतंकियों को मार गिराया था।

सांबा में एक संदिग्ध हिरासत में

इसी बीच, सांबा जिले में एक ट्रक चालक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। उसके मोबाइल फोन में कथित तौर पर पाकिस्तानी संपर्क नंबर मिलने के बाद जांच शुरू की गई है। अधिकारी मामले की विस्तृत पड़ताल कर रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि घाटी में सक्रिय आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और शांति भंग करने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article