देश

Operation Sheeshmahal Part 5: बिना पुराना घर गिराए, नया महल बनाया- केजरीवाल के 'शीशमहल' को लेकर सैटेलाइट इमेज से बड़ा खुलासा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलEdited by: शिशुपाल कुमार
  • Updated May 1, 2023, 08:09 PM IST

Operation Sheeshmahal Part 5: दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बंगले के रिनोवेशन में 45 करोड़ खर्च किए गए हैं। सारी कहानी हमने एक-एक कर, दस्तावेजों के साथ आपके सामने रखा है। सीएम केजरीवाल के आम आदमी वाले बंगले में 25 लाख का रुपए के हॉट वाटर जेनरेटर लगा हुआ है।

Operation Sheeshmahal Part 5: TIMES NOW नवभारत के विस्फोटक खुलासे ऑपरेशन शीशमहल पर दिल्ली की सियासत में मची हलचल जारी है।हमारे खुलासे के बाद केजरीवाल को जवाब देते नहीं बन रहा है। पिछले एक हफ्ते से केजरीवाल की बोलती बंद है। आज भी केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की लेकिन नवभारत के रिपोर्टर और कैमरापर्सन को सीएम हाउस में जाने से रोक दिया, लेकिन हम केजरीवाल के 'शीशमहल' लेकर खुलासे करते रहेंगे। ऑपरेशन शीशमहल की पांचवीं कड़ी में हम उन सेटेलाइट इमेज को दिखाने वाले हैं, जिससे केजरीवाल के शीशमहल की एक और कहानी सामने आ जाएगी।

अबतक क्या हुआ

दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के बंगले के रिनोवेशन में 45 करोड़ खर्च किए गए हैं। सारी कहानी हमने एक-एक कर, दस्तावेजों के साथ आपके सामने रखा है।सीएम केजरीवाल के आम आदमी वाले बंगले में 25 लाख का रुपए के हॉट वाटर जेनरेटर लगा हुआ है। वुडन फ्लोरिंग में ही करीब 1 करोड़ रुपए खर्च कर दिए। जो केजरीवाल दिल्ली की पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बंगले के बिल पर सवाल उठाते थे, उसी सीएम केजरीवाल के बंगले का बिजली फिटिंग का बिल ढाई करोड़ से ज्यादा का है। कैसे टेंडर की शर्तों को दरकिनार करके ठेकेदार को 50 लाख रुपए की एक्स्ट्रा पेमेंट की गई। बड़े प्लानिंग के साथ आलीशान शीशमहल को तानने के लिए करीब साढ़े 4 एकड़ के दायरे को बढ़ाकर करीब 7 एकड़ से ज्यादा कर दिया गया और आस-पास के फ्लैट, बंगले खाली करने के ऑर्डर जारी कर दिए गए।

चुप्पी बरकरार

ऑपरेशन शीशमहल में हुए खुलासे को लेकर दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल चुप्पी साधे हुए हैं। सवाल पूछने पर पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं। कैलेंडर में तारीख बदलती रही और वो पीछे के दरवाजे से निकलते रहे। घंटा बीता, दिन बीता, अब हफ्ता बीता, लेकिन केजरीवाल की तरफ से जवाब नहीं आया। ऑपरेशन शीशमहल पर सटक सीताराम। खुलासे पर खुलासे लेकिन बोलती बंद। आज भी प्रेस कांफ्रेंस हुआ, लेकिन शीशमहल पर जवाब नहीं मिला।

ऑपरेशन शीशमहल पार्ट-5

आज जो खुलासा आपके सामने हम करने जा रहे हैं, उसके बाद केजरीवाल के सरकारी घर में लगा 8 लाख का पर्दा और 4 लाख का कमोड आपको कम लगने लगेगा।

आज देश पहली बार देखेगा कि केजरीवाल का शीशमहल कैसे बनकर तैयार हुआ। हमने वो सैटेलाइट तस्वीरें निकालीं हैं जो दिखाती हैं कि केजरीवाल का पुराना घर कहां था और नया घर कैसे बना। आप सुनकर हैरान रह जाएंगे कि टेंडर निकला रेनोवेशन का, लेकिन केजरीवाल का नया घर खड़ा कर दिया गया। पर सबसे बड़ी बात तो ये कि जिस पुराने घर को महा खतरनाक बताया गया था, वो घर तोड़कर नया घर नहीं बना बल्कि नया शीशमहल खड़ा करने के बाद पुराना घर तोड़ा गया। इसमें नियमों की धज्जियां उड़ने का सवाल भी है। पुराने बंगले से मोह का प्रश्न भी है। शीशमहल के लिए सबकुछ ताक पर रखने देने का एंगल भी है।

तस्वीर में क्या

सैटेलाइट तस्वीरें से ये साफ पता चलता है कि कैसे यह शीशमहल तैयार हुआ। वीडियो में तस्वीरें देखिए...2013, 2016 और 2017 की तस्वीरें हैं। अब 2017 की तस्वीर देखिए। तस्वीरों में दाईं तरफ आप बिल्ट अप एरिया देख सकते हैं जहां एक इमारत बनी है। ये इमारत दरअसल वो पुराना बंगला है, जिसमें 2015 में दूसरी बार सीएम बनने के बाद केजरीवाल शिफ्ट हुए थे। ये पूरा बंगला 543 स्क्वायर मीटर में बना है यानि 5844 स्क्वायर फीट। ये छोटा बंगला है। लेकिन चार साल बाद यानि 2021 के मार्च महीने में यही तस्वीर पूरी तरह बदल जाती है। पुरानी इमारत के बगल में एक बड़ी इमारत तैयार होती है। जो उससे कहीं ज्यादा आलीशान है और कहीं ज्यादा बड़ी।इसी तस्वीर में सीएम केजरीवाल का पुराना बंगला भी दिखता है।

तो फिर इस तस्वीर में सवाल है क्या? सवाल ये है कि अगर

  1. सीएम केजरीवाल पुराने घर में रहते हुए नया घर बनवा रहे थे तो टेंडर एडिशन-मॉडिफिकेशन का क्यों निकला? इन सैटेलाइट तस्वीरों से ये साबित हो रहा है कि पुराने घर में मरम्मत या बदलाव का कोई काम नहीं हो रहा था।
  2. नया घर बना तो उसका टेंडर कहां है? उसकी पूरी प्रक्रिया के पेपर कहां है?
  3. हम अपने पिछले खुलासे में ये दिखा चुके हैं कि करीब दो साल तक चले निर्माण में हर बार अप्रूवल ऑलट्रेशन और मोडिफिकेशन के नाम पर ही लिए गए। सवाल ये है कि जब बंगला नया बन रहा था तो ये बात छुपाई क्यों जा रही थी? क्या इसलिए कि अगर जनता तो ये पता चल जाता कि केजरीवाल का बंगला 45 करोड़ में बन रहा है तो वीआईपी कल्चर खत्म करने की कसमें खाकर सत्तासीन हुए केजरीवाल के चेहरे से आम आदमी का नकाब हट जाता?
पुराने घर का क्या हुआ

अब आप हमसे ये पूछ सकते हैं कि पुराने घर का क्या हुआ जी...? तो हम आपको बताते हैं कि पुरानी इमारत का क्या हुआ ? वीडियो में फरवरी 2022 की तस्वीर देखिए। इस तस्वीर में आप देख सकते हैं कि बाईं तरफ महलनुमा आवास लगभग तैयार है और केजरीवाल परिवार समेत नए आवास में शिफ्ट हो चुके हैं। पुरानी इमारत जिसमें माननीय केजरीवाल जी रहा करते थे। उसे ढहा कर जमीन सपाट की जा चुकी है। अब सितंबर 2022 की इस तस्वीर को देखिए। पुराने सीएम आवास की जगह अब एक बड़े लॉन और पार्किंग ने ले ली है। ऐसा नहीं है कि पुराने सीएम आवास के साथ लॉन नहीं था। 2017 की तस्वीर में सीएम आवास के साथ ये लॉन दिखाई दे रहा है जो अब भी मौजूद है, लेकिन जब बंगला इतना न्यारा हो तो लॉन भला वही पुराना क्यों? इसलिए जितने में पहले पूरा सीएम आवास था उतने एरिया में नए बंगले का सिर्फ लॉन सजा दिया गया। मतलब ये कि एडिशन और मॉडिफिकेशन के नाम पर होता ये है कि सीएम आवास जो 2017 तक करीब 543 एकड़ के एरिया में था, वो 2022 में गुपचुप तरीके से बढ़कर 1212 स्क्वायर मीटर का हो जाता है।

शीशमहल पार्ट-5 का हाईलाइट

  • केजरीवाल ने बिना पुराना घर गिराए, नया महल बनाया।
  • या तो केजरीवाल नहीं चाहते थे कि दुनिया भर में नए शीशमहल की चर्चा हो या फिर उनको सीएम आवास की ऐसी आदत हो चुकी थी कि वो पुराना घर छोड़ना ही नहीं चाहते थे और इसके लिए दिल्ली जैसे इलाके में कई पेड़ों और जनता के पैसे की बली दे दी गई।
  • केजरीवाल जब पुराने घर में रहते हुए नया घर बनवा रहे थे तो टेंडर रेनोवेशन का क्यों निकला, जबकि पुराने घर में तो कुछ काम हीं नहीं होना था।
  • नया घर बना तो उसका टेंडर कहां है? उसकी पूरी प्रक्रिया के पेपर कहां हैं?
  • जो केजरीवाल सेंट्रल विस्टा के लिए जो पेड़ कटे भी नहीं उसके लिए छाती पीट रहे थे उन्होंने खुद के शीशमहल के लिए इतने पेड़ों की बली क्यों दी?
  • क्या जो पचास लाख एक्स्ट्रा लेबर दिया गया वो शीशमहल बनाने के बाद पुराना सीएम आवास तोड़ने का पैसा है?
  • जितने बड़े आवास में पहले सीएम रहते थे लगभग उतना बड़ा गार्डन बना डाला। जनता के पैसे की बर्बादी नहीं है ये? लोग मुगल गार्डन सुनते थे, अब केजरीवाल गार्डन की चर्चा हुआ करेगी।
  • बगल में लॉन टेनिस का कोर्ट भी बना दिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article