देश

कुछ इस तरह से हो रही है सूडान से भारतीयों की निकासी, देखिए Operation Kaveri का वीडियो

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Apr 27, 2023, 05:39 PM IST

सूडान में सत्ता को लेकर संघर्ष जारी है। सेना और अर्द्धसैनिक बलों के बीच जारी हिंसा में कई देशों के नागरिक वहां फंसे हैं। भारत के भी वहां 3 हजार से ज्यादा लोग फंसे थे, जिन्हें निकालने का काम जारी है। भारत Operation Kaveri के तहत अपने नागरिकों को वहां से निकाल रहा है।

Operation Kaveri: सूडान में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए वायुसेना और नौसेना मिलकर ऑपरेशन चला रही है। सूडान से पहले नौसेना के पोत भारतीयों को लेकर जेद्दा पहुंच रहे हैं, वहां से फिर वायुसेना के विमान उन्हें इंडिया ला रहे हैं। साथ ही वायुसेना के विमान सूडान पोर्ट से भी लोगों को निकाल रहे हैं।

लगातार निकालने की हो रही कोशिश

भारतीय वायुसेना का एक विमान हिंसाग्रस्त सूडान से 246 भारतीयों को लेकर बृहस्पतिवार को मुंबई में उतरा। एक अधिकारी ने बताया कि विमान जेद्दा से पूर्वाह्न लगभग 11 बजे रवाना हुआ था और यहां अपराह्न लगभग साढ़े तीन बजे उतरा। विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन निकासी अभियान पर नजर रखने के लिए जेद्दा पहुंच गए हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया था कि सूडान से निकासी अभियान में भारतीय नौसेना का एक और जहाज आईएनएस तेग शामिल हो गया है।

पीएम मोदी ने दिया था आदेश

सूडान में दोनों पक्षों के 72 घंटे के संघर्ष विराम पर सहमत होने के बाद भारत ने वहां फंसे अपने नागरिकों को बाहर निकालने के प्रयास तेज कर दिये हैं। विदेश राज्य मंत्री मुरलीधरन ने निकासी अभियान के बारे में कहा था कि सूडान के बंदरगाह और जेद्दा में जरूरी आधारभूत ढांचा तैयार किया गया है। गौरतलब है कि शुक्रवार को एक उच्च-स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सूडान से 3000 से अधिक भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने की आपातकालीन योजनाओं की तैयारी के निर्देश दिये थे।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article