देश

कोलकाता में एक लाख लोग एक साथ करेंगे भगवद्गीता का पाठ, PM मोदी के शामिल होने की संभावना, BJP का दावा

  • Edited by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 20, 2023, 05:39 PM IST

सुकांत मजूमदार ने बताया कि हमने प्रधानमंत्री मोदी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है और उन्होंने हमारा निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उस दिन एक लाख लोग एक साथ भगवद्गीता का पाठ करेंगे।

Image

प. बंगाल में बीजेपी का नया प्लान

Photo : PTI

Bhagvat Gita: भारतीय जनता पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के दिसंबर में कोलकाता में एक कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है जिसमें करीब एक लाख लोग एक साथ भगवद्गीता का पाठ करेंगे। मजूमदार ने बताया कि एक लाख गीता पाठ कार्यक्रम 24 दिसंबर को शहर के मध्य में ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि हमने प्रधानमंत्री मोदी को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है और उन्होंने हमारा निमंत्रण स्वीकार कर लिया है। उस दिन एक लाख लोग एक साथ भगवद्गीता का पाठ करेंगे।

कई धार्मिक समूह एक साथ आए

भाजपा के प्रदेश प्रमुख ने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन के लिए कई धार्मिक समूह एक साथ आए हैं। मजूमदार ने दावा किया, यह एक गैर राजनीतिक कार्यक्रम होगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, राज्यपाल सी वी आनंद बोस और राज्य की अन्य हस्तियों को भी निमंत्रण भेजा जाएगा। मजूमदार ने कहा कि इस कार्यक्रम का भाजपा से कोई लेना-देना नहीं है और हम इसका आयोजन नहीं कर रहे हैं।

टीएमसी ने बताया सियासी कदम

हालांकि, सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया 2024 के लोकसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक रूप से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा। टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने कहा कि जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, यह बिल्कुल स्वाभाविक है कि भाजपा नेता राज्य का बार बार दौरा करेंगे। हमने 2019 के लोकसभा चुनावों और 2021 के विधानसभा चुनावों से पहले इस प्रवृत्ति को देखा है। लेकिन, इससे कोई फायदा नहीं होगा। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा ने राज्य की 42 में से 18 सीटें हासिल कीं, जबकि टीएमसी ने 22 सीटों पर परचम लहराया। कांग्रेस ने दो सीटों पर जीत दर्ज की थी। (भाषा इनपुट)

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article