महाराष्ट्र कांग्रेस के चीफ नाना पटोले ने दावा किया है कि महाराष्ट्र में हर आठ घंटे में एक किसान आत्महत्या करते हैं। इन आत्महत्या से शिंदे सरकार पर शायद ही कोई फर्क पड़ रहा है। सरकार इस पर जल्द ही एक्शन ले और किसानों को राहत प्रदान करे।
पीटीआई के अनुसार महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने सोमवार को कहा कि एकनाथ शिंदे सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए क्योंकि वह भारी बारिश से प्रभावित किसानों का दर्द नहीं समझ रही है। उन्होंने दावा किया कि इन संकटों के कारण राज्य में हर आठ घंटे में कम से कम एक किसान अपनी जान दे रहा है।
राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कपास, सोयाबीन, अरहर, मक्का जैसी फसलों को व्यापक नुकसान हुआ है, जिससे किसानों को गहरा नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा, " सीएम एकनाथ शिंदे और डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार को बर्खास्त किया जाना चाहिए क्योंकि यह किसानों की समस्या दूर करने में असमर्थ रही है। किसान गंभीर वित्तीय समस्याओं का सामना कर रहे हैं।"
उन्होंने आगे शिंदे सरकार को घेरते हुए कहा कि कई मौतों के बाद भी राज्य सरकार ने अभी भी इलाकों को बाढ़ ग्रस्त या सूखा घोषित नहीं किया है। इसके अलावा, युवा इस बात से नाराज हैं कि बड़ी परियोजनाएं राज्य से बाहर जा रही है।
बता दें कि शिंदे सरकार के आने के बाद से दो योजनाएं, जिन्हें महाराष्ट्र में लाने की बात की जा रही थी, वो गुजरात जा चुकी है। इसके लिए भी शिंदे सरकार लोगों के निशाने पर है। हालांकि सरकार का दावा है कि इसके लिए वो जिम्मेदार नहीं है। उनसे पहले की सरकार के दौरान ये बदलाव हुए हैं।
