Rahul Gandhi: शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर विपक्ष की हंगामे की वजह से शुक्रवार को लोकसभा में कोई कामकाज नहीं हो पाया। संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू की चर्चा शुरू करने की अपील विपक्ष ने ठुकरा दी। वहीं, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया 'जब वह बोलने के लिए खड़े हुए तो उन्हें बोलने नहीं दिया और उनसे माइक ले लिया। संसद परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए राहुल ने कहा कि छात्रों की तीन मांगें हैं-शिक्षा मंत्री का इस्तीफा, पुलिसकर्मियों पर एक्शन और पीएम की माफी मांगना। ये सभी मांगें पूरी होनी चाहिए। इनमें सबसे प्रमुख है धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा। प्रधान के इस्तीफे के बाद ही विपक्ष चर्चा के लिए तैयार होगा।
शुक्रवार को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्ष के सांसदों ने प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए भारी हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 12 बजे तक स्थगित हुई। 12 बजे के बाद सदन जब दोबारा बैठा तो विपक्ष ने फिर हंगामा किया। इसके बाद लोकसभा की कार्यवाही 27 जुलाई तक स्थगित कर दी गई है।
आज सबसे बड़ी मार झेल रहे छात्र-खरगे
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि छात्र आज सबसे बड़ी मार झेल रहे हैं, क्योंकि मोदी सरकार देश के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों का इस्तेमाल उनके अनुसार प्रचार के मंच के रूप में कर रही है और छात्रों पर दबाव बना रही है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर शिक्षा व्यवस्था पर सार्थक चर्चा शुरू करने के बजाय, मोदी-शाह हमारे उच्च शिक्षण संस्थानों की गरिमा को ठेस पहुंचा रहे हैं। अब आप समझ सकते हैं कि देश का युवा सड़कों पर क्यों उतर रहा है। अब आप समझ सकते हैं कि पिछले 12 वर्षों में भाजपा ने शिक्षा व्यवस्था को किस तरह नुकसान पहुंचाया है।'
विपक्ष चाहे तो अभी शुरू कर सकते हैं चर्चा-रिजिजू
लोकसभा की कार्यवाही स्थगित होने से पहले संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बार-बार NEET पेपर लीक एवं शिक्षा में सुधार पर चर्चा शुरू करने की अपील की लेकिन विपक्ष इसके लिए तैयार नहीं हुआ। रिजिजू ने चर्चा में भाग लेने के लिए राहुल गांधी को अपने सांसदों को समझाने की अपील की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि विपक्ष चाहते तो सरकार अभी चर्चा शुरू कर सकती है। उन्होंने कहा कि सरकार तैयार है लेकिन विपक्ष चर्चा से भाग रहा है। रिजिजू ने कहा कि सोनम वांगचुक ने अपना अनशन समाप्त कर दिया है और आज की कैबिनेट की बैठक में सरकार एक सख्त कानून लाने जा रही है।
संसद परिसर में इंडिया ब्लॉक का प्रदर्शन
इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और कई अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने शुक्रवार को प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन और सरकार के विरोध में संसद परिसर में प्रदर्शन किया तथा शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। संसद के मकर द्वार के निकट आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा, तृणमूल कांग्रेस की सांसद सागरिका घोष और कई अन्य दलों के नेता शामिल हुए। उन्होंने 'वी वांट जस्टिस’ (हमें न्याय चाहिए) के नारे लगाए। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के सांसद जॉन ब्रिटास ने कहा, 'विपक्ष की मांग बहुत स्पष्ट है। हम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा चाहते हैं।’
