इन नौ रूट्स पर चलेंगी अमृत भारत एक्सप्रेस, नौ राज्यों का सफर होगा आसान; जल्द दिखाई जाएगी हरी झंडी, देखें पूरी लिस्ट
- Reported by: भावना किशोरEdited by: शिव शुक्ला
- Updated Jan 13, 2026, 10:08 PM IST
भारतीय रेलवे अपनी प्रीमियम और आधुनिक ट्रेनों की श्रृंखला को तेजी से बढ़ा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि जल्द ही ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ की 9 नई ट्रेनें विभिन्न लंबी दूरी के रूट्स पर शुरू की जाएंगी। मंत्री ने इसे रेलवे के बेड़े के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम बताया है।
जल्द ही नौ रूट्स पर होगा नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन। फोटो- @AshwiniVaishnaw
भारतीय रेलवे अपने यात्री नेटवर्क को आधुनिक, तेज और सुविधाजनक बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठा रहा है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने इसी क्रम में अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को लेकर बड़ी और अहम जानकारी दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक एक्स और इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट में बताया कि जल्द ही अमृत भारत एक्सप्रेस की 9 नई ट्रेनों को जल्द ही हरी झंडी दिखाई जाएगी। इन ट्रेनों का उद्देश्य देश के अलग-अलग हिस्सों को सीधे जोड़ना, यात्रा समय कम करना और यात्रियों को बेहतर अनुभव देना है।
रूट्स का हुआ खुलासा
इतना ही नहीं रेल मंत्री ने इन ट्रेनों के रूट्स का भी खुलासा कर दिया है। उनकी पोस्ट से साफ है कि अमृत भारत एक्सप्रेस की नई फ्लीट का उद्देश्य उत्तर-पूर्व, पूर्व, उत्तर, दक्षिण और पश्चिम भारत को मजबूत रेल कॉरिडोर से जोड़ना है। रेल मंत्री के ट्वीट के अनुसार, ये नई ट्रेनें देश के अलग-अलग हिस्सों को सीधे जोड़ेंगी और यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आधुनिक यात्रा का अनुभव देंगी।
किन रूट पर चलेंगी नई अमृत भारत एक्सप्रेस
- गुवाहाटी (कामाख्या)- रोहतक
- न्यू जलपाईगुड़ी- नागरकोइल
- अलीपुरद्वार- एसएमवीटी बेंगलुरु
- डिब्रूगढ़- लखनऊ (गोमती नगर)
- कोलकाता (सियालदह)- बनारस
- न्यू जलपाईगुड़ी- तिरुचिरापल्ली
- अलीपुरद्वार- मुंबई (पनवेल)
- हावड़ा- आनंद विहार टर्मिनल
- संतरागाछी- तांबरम
रेल मंत्रालय के अनुसार, अमृत भारत एक्सप्रेस आधुनिक कोच डिजाइन, बेहतर सुरक्षा प्रणालियों, आरामदायक सीटिंग, तेज रफ्तार और यात्री सुविधाओं पर खास फोकस के साथ तैयार की गई हैं। अश्विनी वैष्णव ने अपने ट्वीट में कहा कि रेलवे नेटवर्क को और अधिक सुलभ, आधुनिक और यात्री-अनुकूल बनाने की दिशा में यह बड़ा कदम है। नई ट्रेनों के शुरू होने से न केवल यात्रा समय कम होगा, बल्कि दूर-दराज़ के क्षेत्रों को भी देश के प्रमुख शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
क्या है ‘अमृत भारत एक्सप्रेस’?
‘अमृत भारत एक्सप्रेस’ भारतीय रेलवे की नई पीढ़ी की प्रीमियम लंबी दूरी की ट्रेन श्रेणी है। इसे इस सोच के साथ डिजाइन किया गया है कि यात्री को तेज रफ्तार के साथ आराम, सुरक्षा और आधुनिक सुविधाएं एक साथ मिलें। बता दें कि दिसंबर 2023 से अब तक 30 अमृत भारत ट्रेनें चल रही हैं। अब एक हफ्ते में 9 नई ट्रेनें और जुड़ेंगी।
खास सुविधाओं से लैस हैं अमृत भारत एक्सप्रेस
नई ट्रेनों से बिहार, उत्तर प्रदेश, तमिलनाडु, महाराष्ट्र और कर्नाटक जैसे बड़े राज्यों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। खास बात यह है कि अमृत भारत एक्सप्रेस गैर-एसी स्लीपर ट्रेन है, जिसमें करीब ₹500 प्रति 1000 किलोमीटर की किफायती दर पर आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी। इन ट्रेनों में आधुनिक टॉयलेट, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट, फोल्डिंग टेबल, आरामदायक सीट-बर्थ, दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सुविधाएं और पैंट्री कार जैसी सुविधाएं होंगी।
किसे होगा सबसे ज्यादा फायदा
रेलवे का कहना है कि ये ट्रेनें मजदूरों, छात्रों, व्यापारियों और आम यात्रियों के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी। नई सेवाओं के तहत गुवाहाटी-रोहतक, डिब्रूगढ़-लखनऊ, न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल, कोलकाता-आनंद विहार और अलीपुरद्वार-बेंगलुरु जैसे लंबे रूट सीधे जुड़ेंगे। इससे रोजगार, शिक्षा और व्यापार के लिए लंबी दूरी की यात्रा आसान होगी।
भारतीय रेलवे का मानना है कि अमृत भारत एक्सप्रेस सस्ती, सुरक्षित और आधुनिक रेल यात्रा का नया चेहरा बनेगी और आम लोगों के लिए देश के एक कोने से दूसरे कोने तक सफर पहले से ज्यादा आसान होगा।
किन राज्यों से चलेंगी नौं अमृत भारत एक्सप्रेस
- असम
- पश्चिम बंगाल
किन-किन राज्यों को जोड़ेंगी
- असम
- पश्चिम बंगाल
- बिहार
- उत्तर प्रदेश
- ओडिशा
- आंध्र प्रदेश
- तमिलनाडु
- कर्नाटक
- महाराष्ट्र
- दिल्ली (NCR)
कितना होगा किराया
- लगभग ₹500 प्रति 1000 किलोमीटर
- डायनामिक प्राइसिंग नहीं
- सीधा और पारदर्शी किराया
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।