देश

बड़ी साजिश नाकाम! NIA ने मध्यप्रदेश में ISIS से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का किया भंडोफोड़, 3 गिरफ्तार

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated May 27, 2023, 07:57 PM IST

एनआईए ने 24 मई को खान की आईएसआईएस समर्थक गतिविधियों की जांच के दौरान एक मामला दर्ज किया था, जो पिछले साल अगस्त में एजेंसी के संज्ञान में आया था।

Image

मप्र में आईएसआईएस से जुड़े आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़

एनआईए ने मध्य प्रदेश में तीन लोगों को गिरफ्तार कर आईएसआईएस से जुड़े एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है। संघीय जांच एजेंसी के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। एजेंसी के एक प्रवक्ता ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) के साथ खुफिया विभाग के नेतृत्व वाले संयुक्त अभियान में जबलपुर में 13 स्थानों पर रातभर की गई छापेमारी के दौरान इन लोगों को गिरफ्तार किया गया।

आंतकियों के पास से मिला हथियार

अधिकारी ने गिरफ्तार तीन लोगों की पहचान सैयद ममूर अली, मोहम्मद आदिल खान और मोहम्मद शाहिद के रूप में की और कहा कि उन्हें भोपाल में एनआईए की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा। प्रवक्ता ने बताया कि छापेमारी के दौरान धारदार हथियार, गोला-बारूद, आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी जब्त किये गये।

रच रहे थे साजिश

एनआईए ने 24 मई को खान की आईएसआईएस समर्थक गतिविधियों की जांच के दौरान एक मामला दर्ज किया था, जो पिछले साल अगस्त में एजेंसी के संज्ञान में आया था। प्रवक्ता ने कहा- "एनआईए को पता चला कि वह और उसके सहयोगी आईएसआईएस के इशारे पर भारत में आतंकवादी हमले करने के लिए सोशल मीडिया मंच का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह मॉड्यूल स्थानीय मस्जिदों और घरों में बैठकें करता रहा है और देश में आतंक फैलाने की साजिश रचता रहा है।"

आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने की थी तैयारी

अधिकारी ने कहा कि जांच से पता चला है कि तीनों आरोपी कट्टरपंथी है और हिंसक जिहाद को अंजाम देने के लिए दृढ़ थे। उन्होंने कहा- "वे धन इकट्ठा करने, आईएसआईएस प्रचार सामग्री का प्रसार करने, युवाओं को प्रेरित करने और भर्ती करने और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के उद्देश्य से हथियार और गोला-बारूद खरीदने की कोशिश में लगे हुए थे।"

आईएसआईएस में लोगों को शामिल करने की कर रहा था कोशिश

अधिकारी ने कहा कि अली ने फिसाबिलिल्लाह नाम से एक स्थानीय समूह बनाया था और उसी नाम से एक व्हाट्सएप समूह भी संचालित कर रहा था। उन्होंने कहा कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पिस्तौल खरीदने की कोशिश कर रहा था और इस उद्देश्य के लिए जबलपुर स्थित एक अवैध हथियार आपूर्तिकर्ता के संपर्क में था।

अधिकारी ने कहा कि खान युवाओं को आईएसआईएस में शामिल करने के लिए प्रेरित करने और भर्ती करने के लिए कई यूट्यूब, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप चैनल भी चला रहा था।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article