देश

गोवा में नए साल का जश्न मनाने पहुंचेगी इतने लाखों की भीड़, नाइट क्लब में लगी आग से नहीं पड़ा पर्यटन पर कोई असर

राज्य पर्यटन निदेशक केदार नाईक ने कहा कि गोवा एक सुरक्षित पर्यटन स्थल है और लोग यहां नये साल का भरपूर आनंद उठाएंगे। उन्होंने कहा कि गोवा नये साल की पूर्व संध्या के जश्न के लिए पर्यटकों का स्वागत करने को तैयार है। हमने पूरे साल राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटकों को आते देखा है।

Image

गोवा में नए साल का जश्न मनाने पहुंच रहे लोग (ANI)

New Year in Goa: गोवा के समुद्री तटों तथा अन्य प्रमुख स्थानों पर नए साल का जश्न मनाने के लिए कम से कम पांच लाख पर्यटकों के आने की उम्मीद है। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य पर्यटन विभाग ने दावा किया कि उत्तर गोवा के अरपोरा गांव में छह दिसंबर को एक नाइट क्लब में लगी आग की घटना का पर्यटन गतिविधियों पर कोई असर नहीं पड़ा है। उस अग्निकांड में 25 लोगों की मौत हो गई थी।

राज्य पर्यटन निदेशक केदार नाईक ने 'PTI' से कहा कि गोवा एक सुरक्षित पर्यटन स्थल है और लोग यहां नये साल का भरपूर आनंद उठाएंगे। उन्होंने कहा, 'गोवा नये साल की पूर्व संध्या के जश्न के लिए पर्यटकों का स्वागत करने को तैयार है। हमने पूरे साल राज्य में बड़ी संख्या में पर्यटकों को आते देखा है।'

उड़ानों की समस्या सुधरी

नाईक ने बताया कि दिसंबर के पहले सप्ताह में उड़ानों के रद्द होने के कारण राज्य आने वाले पर्यटकों की संख्या में कमी देखी गई थी, लेकिन अब स्थिति सुधर गई है।

उन्होंने कहा, 'रूस और ब्रिटेन से लगातार विशेष उड़ानें संचालित की जा रही हैं। इसके अलावा कुछ नये गंतव्यों के लिए भी विशेष सेवाएं शुरू की गई हैं, जो मार्च तक जारी रहेंगी।' उत्तर गोवा के कलंगुट और बागा जैसे लोकप्रिय समुद्र तटों के साथ-साथ दक्षिण गोवा के बेनौली, माजोर्डा, कोलवा और पालोलेम में भी भारी भीड़ देखी जा रही है।

सुबह तक चलेगा जश्न

घरेलू पर्यटकों के लिए भी नए साल पर गोवा पहली पसंद रहता है। कोल्हापुर से आए एक पर्यटक वैभव ने कहा, 'हम क्रिसमस की छुट्टियों में यहां आए हैं। समुद्र तट पर काफी भीड़ है और यहां का माहौल बहुत अच्छा है।' अधिकारियों ने बताया कि 31 दिसंबर की आधी रात को तटों पर आतिशबाजी की तैयारी है, जबकि क्रूज जहाजों पर विशेष आयोजन और क्लब में म्यूजिक प्रोग्राम सुबह तक चलेंगे।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article