BJP Attacks Rahul Gandhi: भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आत्मसमर्पण वाले बयान को लेकर घेरा। बीजेपी ने राहुल पर सशस्त्र बलों का अपमान करने का आरोप लगाया। बीजेपी ने कहा कि यह ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को कमतर आंकने और पाकिस्तान के पक्ष में ऐसा आरोप लगाने के समान है, जो पड़ोसी देश ने भी नहीं लगाया है। बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि राहुल गांधी के कटाक्ष बीमार और खतरनाक मानसिकता को दर्शाते हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नेता ने अपने देश के समर्थन में बोलने में पाकिस्तान के सेना प्रमुख, प्रधानमंत्री और वहां स्थित आतंकवादी सरगनाओं को भी पीछे छोड़ दिया है।
बीजेपी ने कहा, इतिहास नेहरू-गांधी परिवार के आत्मसमर्पणों से भरा पड़ा
कांग्रेस के कार्यकाल में हुए ऐतिहासिक घटनाक्रमों का हवाला देते हुए सुधांशु त्रिवेदी कहा कि इतिहास नेहरू-गांधी परिवार के ऐसे आत्मसमर्पणों से भरा पड़ा है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की भारत माता के शेर के रूप में प्रशंसा की। त्रिवेदी ने कहा, राहुल गांधी और कांग्रेस का आत्मसमर्पण का इतिहास हो सकता है, लेकिन भारत कभी किसी के सामने आत्मसमर्पण नहीं करेगा। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर भी कटाक्ष किया, जिनके भारत और पाकिस्तान की ओर से सैन्य कार्रवाइयों को रोकने के लिए मध्यस्थता करने के बार-बार के दावों ने विपक्ष को मोदी सरकार पर हमला करने का एक जरिया दे दिया है। भाजपा प्रवक्ता ने ट्रंप के हालिया पोस्ट का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने एक साजिश सिद्धांत के बारे में बताया था कि उनके पूर्ववर्ती जो बाइडन को 2020 में मार दिया गया था और उनकी जगह एक रोबोट क्लोन को लाया गया था।
ट्रंप के बदलते रुख पर भी निशाना
त्रिवेदी ने कहा, कोई कितना भरोसा कर सकता है...मैं अमेरिकी सरकार से भी पूछना चाहता हूं क्योंकि उन्होंने अपने आधिकारिक ट्रूथ सोशल हैंडल पर यह टिप्पणी की है। बेहतर होगा कि राहुल गांधी हमें बताएं कि क्या वह इस पर विश्वास करते हैं। त्रिवेदी ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों और विदेश मंत्रालय ने कई बार स्पष्ट किया है कि कोई तीसरा पक्ष मध्यस्थता नहीं कर रहा है। उन्होंने यह भी जिक्र किया कि राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान, ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने एक बार पीएम मोदी से कहा था कि वह उस देश (पाकिस्तान) को रोक सकते हैं जो भारत को परेशान कर रहा है, लेकिन भारतीय प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, नहीं, नहीं, हमने उन्हें कई बार सबक सिखाया है। ये मैं करूंगा।
नाम में इंडिया, लेकिन दिल में पाकिस्तान...
त्रिवेदी ने विपक्षी इंडिया गठबंधन के विभिन्न नेताओं की विवादास्पद टिप्पणियों का जिक्र किया, जिन्होंने मंगलवार को बैठक की और ऑपरेशन सिंदूर के बाद संसद के विशेष सत्र की मांग की। त्रिवेदी ने कहा कि इस गठबंधन का पर्दाफाश हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंडिया उनके नाम में है, लेकिन पाकिस्तान उनके दिल में है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियों से पता चलता है कि उनमें विपक्ष के नेता से अपेक्षित परिपक्वता और गंभीरता का अभाव है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस नेता ने खुद ये टिप्पणियां की हैं, तो यह उनकी निष्ठा पर गंभीर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि अगर इसके पीछे उनके सलाहकार हैं, तो राहुल गांधी को उन्हें बदलने पर विचार करना चाहिए। राहुल ने मंगलवार को भोपाल में कांग्रेस के एक कार्यक्रम में आरोप लगाया था कि भारत-पाकिस्तान सैन्य संघर्ष के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के फोन के बाद मोदी ने आत्मसमर्पण कर दिया था।
