देश

NEET Paper Leak: जब आधी रात शिकायत लेकर पुलिस स्टेशन पहुंचा मुखबिर, पेपर लीक के पक्के सबूत होने का किया था दावा

NEET Paper Leak: परीक्षा में पेपर लीक का आरोप सामने आने के बाद राजस्थान के सीकर में एक व्हिसल ब्लोअर पुलिस के पास पहुंचा। उसने गेस पेपर और असली प्रश्न पत्र के मिलते-जुलते सवालों का दावा किया।

Image

गेस पेपर और असली प्रश्नों में बड़े मेल का दावा (Photo: AI Generated)

NEET Paper Leak: नीट यूजी पेपर परीक्षा के कुछ घंटे बाद ही राजस्थान के सीकर जिले में एक बड़ा मामला सामने आया, जब एक व्यक्ति आधी रात करीब 1:30 बजे उद्यम नगर पुलिस स्टेशन पहुंचा। उसने दावा किया कि उसके पास परीक्षा में पेपर लीक होने के पक्के सबूत हैं। उसके पास एक हाथ से लिखा हुआ गेस पेपर था, जिसमें कई सवाल ऐसे थे जो बाद में NEET-UG के असली प्रश्न पत्र से मिलते-जुलते पाए गए।

पुलिस स्टेशन में नहीं हुई शिकायत दर्ज

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हालांकि उस समय पुलिस स्टेशन में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई। ड्यूटी पर मौजूद अधिकारी ने उससे लिखित शिकायत देने को कहा, लेकिन वह व्यक्ति बिना शिकायत दिए ही वहां से चला गया और बाद में वापस भी नहीं आया। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति एक शिक्षक है, जिसे अपने मकान मालिक से यह गेस पेपर मिला था। बाद में उसने सवालों की तुलना नीट पेपर (NEET-UG 2026 Paper Leak Case) से की, जिसमें बड़ी संख्या में प्रश्न मेल खाते दिखे। इस खुलासे के बाद उसने राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) को भी जानकारी भेजी।

बाद में CBI के पास गया केस

मामला बढ़ने के बाद NTA ने जांच शुरू की और शुरुआती पुष्टि के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया। इससे लाखों छात्रों के भविष्य पर असर पड़ा और पूरे देश में हड़कंप मच गया। राजस्थान पुलिस और स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) की शुरुआती जांच में भी यह सामने आया कि गेस पेपर में सैकड़ों प्रश्न असली परीक्षा से मेल खाते थे। बताया गया कि इस 'गेस पेपर' को 30 हजार रुपये से लेकर लाखों रुपये तक में बेचा गया था।

सीकर पुलिस का कहना है कि बिना लिखित शिकायत के जांच शुरू नहीं की जा सकती थी। वहीं बाद में यह मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) को सौंप दिया गया, क्योंकि यह कई राज्यों से जुड़ा मामला था। इस पूरे घटनाक्रम ने परीक्षा प्रणाली की सुरक्षा और पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल जांच जारी है और कई लोगों की गिरफ्तारी भी हो चुकी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें