देश

'धर्मेंद्र प्रधान को हटाओ, NTA खत्म करो', नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का केंद्र पर तीखा वार

NEET Paper Leak: कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मुद्दे पर चुप्पी तोड़ने, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को समाप्त करने की मांग की है।

Image

नीट पेपर लीक पर कांग्रेस का सरकार पर हमला (फोटो: X/@INCIndia)

NEET Paper Leak: कांग्रेस ने शुक्रवार को NEET-UG और अन्य परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ने, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को हटाने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) को समाप्त करने की मांग की। कांग्रेस के NSUI प्रभारी कन्हैया कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि देश की शिक्षा व्यवस्था से लोगों का भरोसा उठता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार टेलीग्राम मैसेजिंग ऐप पर प्रतिबंध जैसे कदम उठाकर केवल मामले को दबाने की कोशिश कर रही है।

कन्हैया कुमार ने कहा, “लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने साफ कहा है कि हम शिक्षा के मुद्दे का राजनीतिकरण नहीं करना चाहते। लेकिन आज अभिभावक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित हैं और छात्र गंभीर मानसिक तनाव से गुजर रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदारी लेने के बजाय भाजपा नेता राहुल गांधी पर सवाल उठा रहे हैं।” उन्होंने सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे केंद्र में कांग्रेस की सरकार है, जबकि जवाबदेही सरकार की होनी चाहिए।

पीएम को सुननी चाहिए विपक्ष की बात-कन्हैया कुमार

राहुल गांधी के हालिया कोटा दौरे और छात्रों से बातचीत का जिक्र करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की बात सुननी चाहिए, क्योंकि शिक्षा कोई राजनीतिक मुद्दा नहीं है। आज आम लोगों का शिक्षा व्यवस्था से विश्वास खत्म हो रहा है। कन्हैया ने आरोप लगाया कि सरकार ने शिक्षा को एक उत्पाद बना दिया है और छात्रों के सपनों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।

पारदर्शी परीक्षाओं के लिए बने एक सक्षम संस्था-कांग्रेस

कन्हैया कुमार ने कहा कि देश में ऊंचे पदों पर अयोग्य लोगों की नियुक्तियां की जा रही हैं और जब हम सवाल उठाते हैं तो हम पर राजनीति करने का आरोप लगाया जाता है। सवाल है कि क्या प्रश्नपत्र लीक करवाना देशभक्ति है? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जब विदेश यात्राओं से समय निकालें तो पेपर लीक के मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ें, धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफा लें, NTA को खत्म करें, लीक के लिए जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई करें और पारदर्शी परीक्षाओं के लिए एक सक्षम संस्था बनाएं।

कन्हैया कुमार ने कहा कि राहुल गांधी छात्रों के साथ खड़े हैं और छात्रों को खुद को दोषी नहीं मानना चाहिए, क्योंकि वे असफल नहीं हुए हैं। गौरतलब है कि कथित पेपर लीक मामले के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET-UG 2026 की 3 मई को हुई परीक्षा रद्द कर दी थी और केंद्र सरकार ने मामले की व्यापक जांच के लिए CBI को जिम्मेदारी सौंपी है। NEET-UG की दोबारा परीक्षा 21 जून को प्रस्तावित है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article