देश

उप राष्ट्रपति चुनाव : 21 अगस्त को NDA उम्मीदवार का नामांकन! राजग के सभी CM, डिप्टी CM को दिल्ली पहुंचने का फरमान

रिपोर्टों के मुताबिक एनडीए के उम्मीदवार का नामांकन इसी दिन होगा। हालांकि, उप राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार कौन होगा, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। वहीं, इंडी अलायंस ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। दरअसल, उप राष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद यह पद रिक्त हुआ है।

Image

21 अगस्त को नामांकन दाखिल कर सकता है एनडीए उम्मीदवार। तस्वीर-PTI

Photo : PTI

Vice President election : उप राष्ट्रपति चुनाव के लिए तैयारियां चल रही हैं। इसी क्रम में एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों एवं डिप्टी सीएम को 21 अगस्त को दिल्ली में मौजूद रहने के लिए कहा गया है। रिपोर्टों के मुताबिक एनडीए के उम्मीदवार का नामांकन इसी दिन होगा। हालांकि, उप राष्ट्रपति पद के लिए एनडीए का उम्मीदवार कौन होगा, इस पर अभी सस्पेंस बना हुआ है। वहीं, इंडी अलायंस ने भी अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। दरअसल, उप राष्ट्रपति पद से जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद यह पद रिक्त हुआ है। एनडीए में इस पद की उम्मीदवारी के लिए कई नाम पर चर्चा है।

संसदीय बोर्ड की बैठक 17 अगस्त को होने की संभावना

उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार के नाम को अंतिम रूप देने के वास्ते पार्टी के संसदीय बोर्ड की बैठक 17 अगस्त को होने की संभावना है। केंद्र में सत्तारूढ़ राजग ने उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार के चयन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा को अधिकृत किया है। इस पद के लिए होने वाले चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 अगस्त है।

18 अगस्त से फिर शुरू हो रहा सत्र

प्रधानमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों के अलावा भाजपा नीत गठबंधन के शासन वाले राज्यों के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी राजग उम्मीदवार के नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया का हिस्सा हो सकते हैं। सूत्रों ने बताया कि संसद का मानसून सत्र एक छोटे अवकाश के बाद 18 अगस्त से पुनः शुरू हो रहा है और राजग उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल करने से पहले भाजपा एवं उसके सहयोगी दलों के नेताओं की बैठक में शामिल हो सकता है। एक नेता ने बताया कि राजग उम्मीदवार के समर्थन में सांसदों द्वारा कई सेट नामांकन दाखिल किए जाएंगे।

उपराष्ट्रपति चुनाव नौ सितंबर को होगा

अगर विपक्ष भी अपने उम्मीदवार की घोषणा करता है, जिसकी प्रबल संभावना है, तो उपराष्ट्रपति चुनाव नौ सितंबर को होगा। राजग को निर्वाचक मंडल में पूर्ण बहुमत हासिल है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। मुकाबले की स्थिति में सत्तारूढ़ गठबंधन के उम्मीदवार की जीत तय है। जगदीप धनखड़ के स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से अचानक इस्तीफा देने के कारण यह चुनाव कराना पड़ रहा है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article