देश

NCP Crisis: शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे को पार्टी से निकाला, बागियों ने भी किया पलटवार

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Jul 3, 2023, 06:12 PM IST

NCP Crisis: राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को इन अटकलों को खारिज कर दिया कि उनके भतीजे अजित पवार के विद्रोह को उनका आशीर्वाद प्राप्त है।

Image

शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल को पार्टी से निकाला (फोटो- PawarSpeaks)

NCP Crisis: महाराष्ट्र में राजनीतिक उठापटक जारी है। एक तरह एनसीपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पवार ने अपने बागी सांसदों प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे को पार्टी से निकाल दिया है, तो दूसरी तरफ कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने सुनील तटकरे को महाराष्ट्र का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त करने की घोषणा की है।

क्या बोले शरद पवार

मुंबई में एनसीपी के बागी नेताओं की मीटिंग के बीच शरद पवार ने प्रफुल्ल पटेल और सुनील तटकरे को निकालने की घोषणा करते हुए कहा- "मैं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में, पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए श्री सुनील तटकरे और श्री प्रफुल्ल पटेल के नाम एनसीपी पार्टी के सदस्यों के रजिस्टर से हटाने का आदेश देता हूं।"

बागियों का पलटवार

वहीं दूसरी ओर लोकसभा सांसद सुनील तटकरे को सोमवार को अजीत पवार गुट द्वारा महाराष्ट्र राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) इकाई का प्रमुख नियुक्त किया गया। एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए, बागी एनसीपी गुट के सदस्य प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि जयंत पाटिल को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटा दिया गया है और सुनील तटकरे को राज्य पार्टी प्रमुख नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा- "हमने जयंत पाटिल को नियुक्त किया था। हमने उन्हें एनसीपी के महाराष्ट्र अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी थी। आज मैंने आधिकारिक तौर पर उन्हें प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाने की सूचना दे दी है, और मैं सुनील तटकरे को राकांपा के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष के रूप में नियुक्त करता हूं।"

भतीजे को नहीं मिला आशीर्वाद

प्रमुख शरद पवार ने सोमवार को इन अटकलों को खारिज कर दिया कि उनके भतीजे अजित पवार के विद्रोह को उनका आशीर्वाद प्राप्त है। शरद पवार ने कहा कि उन्होंने कुछ नेताओं की हरकतों की परवाह किये बिना राकांपा को मजबूत करने और पार्टी कार्यकर्ताओं के विश्वास को बढ़ाने के लिए राज्यव्यापी यात्रा शुरू की है। यह पूछे जाने पर कि रविवार को अजित पवार द्वारा किए गए विद्रोह को क्या उनका आशीर्वाद प्राप्त था, तो राकांपा प्रमुख ने कहा-"यह कहना तुच्छ बात है। केवल तुच्छ और अल्पबुद्धि वाले ही ऐसा कह सकते हैं।"

अजीत पवार की बगावत

अजित पवार ने रविवार को राकांपा से बगावत कर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ आठ अन्य राकांपा नेताओं ने भी एकनाथ शिंदे-भाजपा सरकार में मंत्री के तौर पर शपथ ली थी।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article