देश

नवी मुंबई की फोटो कॉपी दुकान में मिले SIR के 3,400 फॉर्म; 5 BLO सस्पेंड, शिवसेना (UBT) और BJP कार्यकर्ता भिड़े

Maharashtra SIR: महाराष्ट्र के नवी मुंबई के खारघर इलाके की एक फोटो कॉपी की दुकान से एसआईआर से जुड़े 3400 फॉर्म मिलने के बाद पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निलंबित किया गया।

Image

फोटो कॉपी दुकान में मिले एसआईआऱ फॉर्म (फोटो साभार: @atullondhe)

Photo : Twitter

Maharashtra SIR: महाराष्ट्र के नवी मुंबई में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर शुक्रवार को विवाद गहरा गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, नवी मुंबई के खारघर इलाके की एक फोटो कॉपी की दुकान से एसआईआर से जुड़े 3400 फॉर्म मिलने के बाद पांच बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को निलंबित किया गया। इस मामले को लेकर शिवसेना (यूबीटी) और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच झड़प भी हुई।

मामले की जांच में जुटे अधिकारी

पुलिस ने बताया कि शिवसेना (यूबीटी) कार्यकर्ताओं का एक आदमी से सामना हुआ, जिसके बारे में उनका दावा था कि वह भाजपा की युवा शाखा का पदाधिकारी है, जो कथित तौर पर खारघर इलाके की एक दुकान पर एसआईआर फॉर्म की फोटो कॉपी करा रहा था। वहीं, पनवेल के एक भाजपा नेता ने दावा किया कि पार्टी कार्यकर्ताओं का इस मामले से कोई संबंध नहीं है।

यह मामला गुरुवार को तब सामने आया जब इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद प्रशासन ने इस बात की जांच शुरू की कि मतदाताओं द्वारा भरे गए एसआईआर फॉर्म एक निजी फोटो कॉपी सेंटर तक कैसे पहुंचे।

पुलिस मौके पर पहुंची और कथित भाजपा पदाधिकारी को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने दुकान से बड़ी तादाद में प्रिंट किए गए एसआईआर फॉर्म भी जब्त किए और उन्हें पुलिस थाने ले जाया गया।

हालांकि, शिवसेना (UBT) कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पूछताछ के लिए खारघर थाने लाए जाने के कुछ समय बाद ही हिरासत में लिया गया भाजपा युवा नेता वहां से फरार हो गया।

रायगढ़ के जिला कलेक्टर किशन जावले ने शुक्रवार को बताया कि सूरज पाटिल के खिलाफ जनप्रतिनिधित्व अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई पनवेल विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं से संबंधित एसआईआर फॉर्म दुकान में मिलने के बाद की गई। जावले ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पनवेल के उप-विभागीय अधिकारी पवन चांडक के कार्यालय का दौरा भी किया। उन्होंने बताया कि पांच बीएलओ को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article