देश

'सत्ता साझेदारी का मेरा फॉर्मूला बन गया राजनीतिक बम', अभिनेता से नेता बने विजय ने क्यों कही ये बात

Tamil Nadu Polls: तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) प्रमुख विजय ने शुक्रवार को कहा कि सहयोगियों के साथ सत्ता साझा करने का उनका प्रस्ताव तमिलनाडु में एक "राजनीतिक बम" बन गया है।

Vijay TVK

अभिनेता से नेता बने विजय (फाइल फोटो)

Photo : PTI

Tamil Nadu Polls: तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) प्रमुख विजय ने शुक्रवार को कहा कि सहयोगियों के साथ सत्ता साझा करने का उनका प्रस्ताव तमिलनाडु में एक "राजनीतिक बम" बन गया है और सभी गठबंधनों में इसकी मांग की जा रही है, जिससे द्रमुक अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ''घबरा" गए हैं। द्रमुक ने कांग्रेस के साथ सत्ता साझा करने से इनकार कर दिया है।

विजय ने बताया अपना लक्ष्य

विजय ने सीलानैकेनपट्टी में एक रैली को संबोधित करते हुए मतदाताओं को आश्वासन दिया कि यदि वह सत्ता में आते हैं तो सामाजिक न्याय प्रदान करने वाला शासन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने पूछा कि क्या आलोचकों को उनके ''घर'' के बारे में पता है, कि यह उनकी मातृभूमि तमिलनाडु है जहां आठ करोड़ लोग रहते हैं और वे उनका परिवार हैं। उन्होंने कहा, ''मेरा लक्ष्य तमिलनाडु के पहले सिपाही और रक्षक के रूप में जनता के साथ खड़ा होना है।''

स्टालिन पर बरसे विजय

विजय ने कहा, ''क्या आपको विक्रवंडी रैली में मेरा राजनीतिक बम याद है, सत्ता साझा करने की पेशकश? अब यह सभी गठबंधनों में धड़ाधड़ फट रहा है। मुख्यमंत्री स्टालिन घबरा गए हैं और उनका कहना है कि सत्ता साझा करना तमिलनाडु के हित में नहीं होगा।''

उन्होंने कहा कि द्रमुक के लिए गठबंधन केवल जीत हासिल करने के लिए है और शासन जैसे बाकी सभी मामलों में वे अकेले ही काम करेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने के बाद अब पैसे देकर वोट खरीदने का सपना पूरा नहीं होगा। विजय ने कहा, ''वे ढेर सारा पैसा लाएंगे, भगवान के नाम पर आपसे वादे करवाएंगे; इसी तरह वे कई सालों से आपको धोखा देते आ रहे हैं, इसे खुशी-खुशी ले लीजिए क्योंकि यह आपका पैसा है। इसे लीजिए और उनके कानों में 'सीटी' (टीवीके का चुनाव चिह्न) बजाकर उन्हें भगा दीजिए।''

'हमारे खिलाफ कौन रच रहा साजिश'

उन्होंने आरोप लगाया कि द्रमुक सरकार ने ''स्टालिन सर की कार्यशैली'' के तहत उनकी पार्टी की रैलियों को रद्द कर दिया। उन्होंने दावा किया कि अन्य पार्टियों को अनुमति दी गई थी, लेकिन उनकी पार्टी को नहीं। उन्होंने तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रमुक पर निशाना साधते हुए कहा, ''मैंने क्या गलत किया? मैं तो राजनीति में उन लोगों की सेवा करने आया था जो मुझसे प्यार करते थे।'' उन्होंने पूछा, ''क्या यह एक गलती थी? हमारे खिलाफ कौन साजिश रच रहा है? हमारे विरुद्ध कौन षड्यंत्र कर रहा है? हम पर कौन आरोप लगा रहा है? आप सब अच्छी तरह जानते हैं।" विजय ने कहा कि पैसे देकर वोट खरीदने की संस्कृति का अंत होना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।

अनुराग गुप्ता
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article