देश

अलौकिक,अपूर्व, अद्भुत है मेरी प्यारी बहन रोहिणी आचार्य, तेजस्वी यादव ने किया भावुक ट्वीट

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Dec 6, 2022, 06:04 PM IST

आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) का सिंगापुर के एक अस्पताल में किडनी ट्रांसप्लांट (Kidney Transplant) सफलतापूर्वक हो गया। उन्हें उनकी बेटी रोहिणी आचार्य ने किडनी डोनेट की। इस पर बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने भावुक ट्वीट करते हुए लिखा कि मेरी बहन ने अनूठी मिसाल कायम की।

Image

रोहिणी आचार्य ने अपने पापा लालू प्रसाद यादव को किडनी डोनेट की।

Photo : Twitter

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) का सोमवार को सिंगापुर में किडनी ट्रांसप्लांट (Kidney Transplant) सफलतापूर्वक हो गया। उनकी 40 साल की बेटी रोहिणी आचार्य को अपने 70 वर्षीय पिता को किडनी डोनेट की। अपने पिता को किडनी देने पर उनकी काफी तारीफ हो रही है। इस बीच सिंगापुर से बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने अपनी बहन रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) की तस्वीरों को ट्वीट करते हुए लिखा- ऑपरेशन के बाद मेरी प्यारी बहन का आत्मविश्वास अलौकिक,अपूर्व और अद्भुत है। मेरी प्यारी बहन रोहिणी आचार्य ने अटूट प्रेम, असीम त्याग, अदम्य साहस, अद्वितीय समर्पण और रिसते रिश्तों के वर्तमान दौर में अकल्पनीय पारिवारिक मूल्यों की जो अनूठी मिसाल कायम की है वह अवर्णनीय और अविस्मरणीय है।

किडनी ट्रांसप्लांट के सफल ऑपरेशन के बाद अब आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव होश में आ गए हैं और उन्होंने प्रार्थनाओं के लिए अपने समर्थकों का आभार व्यक्त किया। राजद सुप्रीमो के अपने गृह राज्य बिहार में असंख्य समर्थक उनके लिए उस समय तक प्रार्थना करते दिखे जब तक कि डिप्टी सीएम और लालू यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया पर उनके सफल ऑपरेशन की जानकारी नहीं दे दी।

तेजस्वी ने राजद सुप्रीमो को ऑपरेशन थिएटर से आईसीयू में भेजे जाने का एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया कि पापा का किडनी ट्रांसप्लांट ऑपरेशन सफलतापूर्वक होने के बाद उन्हें ऑपरेशन थिएटर से आईसीयू में भेजा गया। अपनी बड़ी बहन रोहिणी आचार्य (Rohini Acharya) के बारे में तेजस्वी (Tejashwi Yadav) ने कहा कि डोनर बड़ी बहन रोहिणी आचार्य और राष्ट्रीय अध्यक्ष जी दोनों स्वस्थ हैं। ऑपरेशन के वक्त तेजस्वी अपने पिता के साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री और मां राबड़ी देवी तथा सबसे बड़ी बहन मीसा भारती के साथ मौजूद रहे। तेजस्वी ने कहा कि आपकी प्रार्थनाओं और दुआओं के लिए साधुवाद। यादव ने लालू प्रसाद को ऑपरेशन थियेटर से बाहर लाए जाने की एक छोटी वीडियो क्लिप भी शेयर की।

मीसा भारती ने ट्वीट किया कि यह हमारे लिए बड़ी राहत का क्षण था जब हमें आईसीयू में पापा से मिलने का मौका मिला। वह दुआओं और प्रार्थना के लिए अपने समर्थकों की ओर हाथ हिलाकर उनका आभार व्यक्त कर रहे हैं। सर्जरी से पहले की अपनी और अपने पिता की तस्वीरों के साथ रोहिणी आचार्य ने अस्पताल से ट्वीट कर कहा था कि रॉक एंड रोल के लिए तैयार। विश मी गुड लक।

रामानुज सिंह
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article