मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर इंस्टाग्राम पर एक रील (वीडियो) पोस्ट करने के मामले में कानूनी पचड़े में फंस गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक स्थानीय भाजपा नेता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए) (सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य जिससे दूसरों को परेशानी हो) और धारा 352 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर किया गया अपमान) के तहत एक प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है।
यशपाल सोनी पर लगा आरोप
निवाड़ी के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (SDOP) के. के. पांडेय ने पीटीआई से बात करते हुए बताया कि भाजपा नेता कमलेश चौरसिया ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि यशपाल सोनी नाम के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था, जिसमें उसने धर्मेंद्र प्रधान और दिल्ली पुलिस के खिलाफ बेहद अभद्र और गाली-गलौज वाली भाषा का इस्तेमाल किया था।
पांडेय ने बताया कि शिकायतकर्ता ने आरोपी यशपाल सोनी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है और पुलिस इस मामले में आगे की जांच कर रही है। गौरतलब है कि नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के नेतृत्व में हुए देशव्यापी प्रदर्शनों और प्रदर्शनकारियों पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद, पिछले कुछ हफ्तों से सोशल मीडिया पर सरकार को निशाना बनाने वाले कई मीम्स और पोस्ट सामने आ रहे हैं। हफ्तों चले इस कड़े विरोध प्रदर्शन और भारी दबाव के बाद, शनिवार को धर्मेंद्र प्रधान ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था।
धर्मेंद्र प्रधान ने दिया इस्तीफा
बता दें कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रतिनिधियों ने सरकार के प्रतिनिधियों से बातचीत की। इस वार्ता के बाद एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में सरकार के प्रतिनिधि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने छात्रों की मांगों को स्वीकार कर लिया। जिसके बाद, सीजेपी ने जंतर-मंतर पर जारी आंदोलन वापस ले लिया।
जंतर-मंतर पर रहा जश्न का माहौल
प्रधान के इस्तीफे और सरकार द्वारा छात्रों की मांगें मानने के बाद जंतर-मंतर पर जश्न का माहौल देखने को मिला। हजारों की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारी ढोल की धुन पर थिरकते, तिरंगा लहराते और 'वंदे मातरम' का उद्धोष करते दिखे। इसे छात्रों और युवा पीढ़ी की सबसे बड़ी जीत करार दिया गया।
कुछ दिन पहले तक जिस प्रदर्शन स्थल पर झड़पें हुई थीं, आंसू गैस के गोले छोड़े गए थे और लोग घायल हुए थे, वहीं अब जश्न का माहौल है। प्रदर्शनकारी एक-दूसरे को गले लगा रहे थे, तिरंगा लहरा रहे थे, 'चक दे इंडिया' गीत पर गोल घेरा बनाकर नाच रहे थे और लोकतंत्र व छात्र एकता के समर्थन में नारे लगाते हुए डफली बजा रहे थे।
