मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने Times Now Summit 2026 में राज्य के विकास कार्यों से लेकर विपक्ष के आरोपों तक पर अपनी बेबाक राय रखी। मोहन यादव ने कहा जहां एक और संघ की जमकर तारीफ कि वहीं विपक्ष की आलोचनाओं पर भी तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की। मोहन यादव ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष के आरोपों पर कहा कि राहुल गांधी को कौन गंभीरता से लेता है।
टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की ग्रुप एडिटर-इन-चीफ नाविका कुमार से बात करते हुए मोहन यादव ने संघ से जुड़ाव पर कहा- "चाहे संघ में काम करो, चाहे विद्यार्थी परिषद में काम करो। हमारे लिए आम जनता के साथ खड़े होकर के काम करने के लिए यह बहुत महत्व की बात रहती है। जब हम लोक संग्रह की दृष्टि से बात करते हैं, लोगों को समझने के लिए, जानने के लिए, अलग-अलग प्रकार के विचारों को जोड़कर के, एक साथ खड़े करने के लिए तो हम अपने आपको वह सब ट्रेनिंग में आ जाता है, कि विचारों की अलग विविधता होती है। मैं बहुत भाग्यशाली हूं और हम जैसे सब लोग भाग्यशाली हैं जो राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक बने, जो कार्यकर्ता बने, यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है।"
राहुल गांधी को लेकर मोहन यादव ने कहा कि राहुल गांधी 'हल्की' बातें बोल रहे हैं और उनके विचारों के कारण विपक्षी गठबंधन के साथी भी उनके साथ जुड़ना नहीं चाहते। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि जब देश के मामले में पक्ष-विपक्ष को इकट्ठा रहना चाहिए, तब राहुल गांधी सेना का मनोबल गिराते हैं, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यादव ने दावा किया कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी राहुल गांधी के विचारों से असहमत हैं। मोहन यादव ने कहा- जब राष्ट्रीय संकट हो तो इकट्ठा रहना चाहिए। यह सीखना चाहिए राहुल गांधी जी को। लेकिन राहुल गांधी जी मानते ही नहीं। इसलिए जनता भी नहीं मानती। उनकी खुद की पार्टी के लोग नहीं मानते हैं। कांग्रेस के लोग कहते हैं राहुल गांधी जी को समझ नहीं है।"
मोहन यादव ने मध्य प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर कहा कि सरकार इंफ्रास्ट्रक्चर (जैसे नर्मदा एक्सप्रेसवे, मेट्रो प्रोजेक्ट्स) और जन कल्याणकारी योजनाओं (जैसे लाडली बहना योजना) के बीच संतुलन बना रही है। सरकार का लक्ष्य अगले 5 साल में बजट को दोगुना करना है। राज्य में औद्योगिक विकास के लिए रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित किए गए हैं। पिछले 2 वर्षों में मैदान पर 9 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश चालू कराया गया है। उन्होंने बताया कि राज्य की जीडीपी ग्रोथ रेट बहुत अच्छी है और जीएसडीपी 11% से ज्यादा की ग्रोथ दिखा रही है।
