monsoon in up: उत्तर प्रदेश में जारी प्रचंड गर्मी के बीच राहत भरी खबर सामने आ रही है, मौसम का मिजाज बदल गया सा दिखाई दे रहा है, यूपी में मानसून का आगमन हो गया है, वहीं मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों में मानसून पूरे प्रदेश में छा जाएगा। बताते हैं कि यूपी के कुछ जिलों में रविवार को बारिश रिकार्ड की गई है।
मौसम विभाग की मानें तो 26 जून से उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश के आसार हैं, बताते हैं कि कई जगहों पर दो से तीन डिग्री तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बात यूपी के बारिश होने वाले जिलों की करें तो बता दें कि संडे को मेरठ, प्रयागराज, बहराइच, आगरा, झांसी, वाराणसी सहित कुछ जिलों में बारिश की आमद दर्ज की गई है।
वहीं मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसून के धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है और बारिश के लिहाज से परिस्थितियों काफी हद तक अनुकूल हैं।
20 से ज्यादा जिलों में आंधी तूफान के साथ बारिश होने की संभावना
पूर्वी उत्तर प्रदेश के बलरामपुर, श्रावस्ती, गोंडा, बहराइच सहित करीब 20 से ज्यादा जिलों में आंधी तूफान के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है वहीं 26 जून से पूरे प्रदेश में बारिश का सिलसिला शुरू होने का अनुमान है।
प्री-मानसूनी बरसात होने से मौसम खुशगवार
सोमवार को लखनऊ समेत यूपी के ज्यादातर जिलों में प्री-मानसूनी बरसात होने से मौसम खुशगवार हो गया, बताते हैं कि लखनऊ में 7.1 मिमी से अधिक पानी बरसा है।
