Nitin Naveen Punjab Visit: पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने अपनी राजनीतिक सक्रियता काफी तेज कर दी है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के हालिया दौरे के बाद, अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 3 दिवसीय पंजाब (BJP Mission Punjab 2026) दौरे पर आ रहे हैं। नितिन नवीन 20 से 22 जून तक राज्य में रहेंगे, जहां वे अमृतसर, जालंधर और लुधियाना जैसे प्रमुख शहरों में कई महत्वपूर्ण धार्मिक, सामाजिक और संगठनात्मक कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
पंजाब बीजेपी की कमान हाल ही में केवल ढिल्लों को सौंपे जाने और संगठन में हो रहे बड़े बदलावों के बीच इस दौरे को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष इन तीन दिनों में न सिर्फ चुनाव की तैयारियों का जायजा लेंगे, बल्कि पंजाब के लिए पार्टी की आगे की रणनीति भी तय करेंगे।
धार्मिक स्थलों पर माथा टेककर करेंगे शुरुआत
नितिन नवीन अपने इस दौरे की शुरुआत 20 जून को गुरुनगरी अमृतसर से करेंगे। वे सबसे पहले सिखों के पवित्र धार्मिक स्थल हरमंदिर साहिब (स्वर्ण मंदिर) में नतमस्तक होंगे। इसके बाद वे ऐतिहासिक जलियांवाला बाग जाकर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे और फिर श्री दुर्गियाना मंदिर व श्री राम तीर्थ मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लेंगे। अमृतसर के कार्यक्रमों के बाद वे शाम को जालंधर के लिए रवाना होंगे, जहाँ कार्यकर्ता उनका भव्य स्वागत करेंगे।
योग दिवस, नया दफ्तर और उद्योगपतियों संग बैठक
दौरे के दूसरे दिन, यानी 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर नितिन नवीन लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में आयोजित एक बड़े कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे लुधियाना पहुंचेंगे, जहां दुगरी रोड पर बने भाजपा के नए जिला कार्यालय का औपचारिक उद्घाटन करेंगे।
यहां वे पार्टी के सब-सर्कल इंचार्ज और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ एक बड़ी बैठक करेंगे। लुधियाना देश का बड़ा औद्योगिक गढ़ है, इसलिए यहां नितिन नवीन स्थानीय उद्योगपतियों और व्यापारियों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा करेंगे।
आखिरी दिन युवा सम्मेलन और कोर ग्रुप की बैठक
दौरे के आखिरी दिन, 22 जून को भाजपा अध्यक्ष पार्टी के सभी सांसदों, पूर्व सांसदों, विधायकों, पूर्व विधायकों और युवा प्रतिनिधियों के साथ मैराथन बैठकें करेंगे। इस दिन राज्य के युवाओं को साधने के लिए एक 'यूथ कॉन्क्लेव' (युवा सम्मेलन) का आयोजन भी किया गया है। इसके अलावा पंजाब बीजेपी के प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों और प्रदेश कोर ग्रुप की अलग-अलग बैठकें होंगी, जिसमें विधानसभा चुनाव की जमीनी रणनीति को अंतिम रूप दिया जाएगा।
