देश

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ को फिर मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप; कॉल लोकेशन हो रहा ट्रेस

Sanjay Seth Death Threat: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची से सांसद संजय सेठ को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही कॉल करने वाले की पहचान कर ली जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Image

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची से सांसद संजय सेठ (फोटो साभार: @SethSanjayMP)

Photo : Twitter

Sanjay Seth Death Threat: केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री और रांची से सांसद संजय सेठ को एक बार फिर जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें शुक्रवार को फोन कॉल के जरिए दी गई, जब वे लद्दाख के द्रास में आयोजित कारगिल विजय दिवस के कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे थे।

मिली जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने द्रास में उन्हें फोन कर धमकी दी। कॉल कहां से और किसके द्वारा किया गया, इसका अब तक पता नहीं चल सका है। मंत्री ने इस धमकी की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी।

जांच में जुटी पुलिस एजेंसियां

समाचार एजेंसी आईएएनएस के मुताबिक, पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारी कॉल की लोकेशन और नंबर ट्रेस करने में जुटे हैं। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जल्द ही कॉल करने वाले की पहचान कर ली जाएगी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

बता दें कि यह पहला मौका नहीं है जब संजय सेठ को इस तरह की धमकी मिली हो। इससे पहले दिसंबर 2024 में भी उन्हें धमकी दी गई थी। उस समय उनसे एक टेक्स्ट मैसेज के जरिए 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी और जान से मारने की धमकी दी गई थी। धमकी भरे मैसेज में “लाल सलाम” लिखकर धमकी देने वाले ने अपना संदेश खत्म किया था। जिस वक्त उन्हें यह धमकी दी गई थी, उस वक्त संसद का सत्र चल रहा था।

संजय सेठ ने इसे लेकर दिल्ली पुलिस को सूचना दी थी। इसके बाद दिल्ली और रांची पुलिस ने टेक्निकल सेल की मदद से इस मामले में रांची के कांके निवासी मिन्हाजुल अंसारी को गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला था कि अंसारी ने यह साजिश अपनी बेटी के प्रेमी को फंसाने के इरादे से रची थी और मंत्री को निशाना बनाया था। सात महीने में दूसरी बार धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!