मॉरीशस के प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए अपने सर्वोच्च पुरस्कार ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ द स्टार एंड की ऑफ द इंडियन ओशन सम्मान की घोषणा की। प्रधानमंत्री मोदी यह सम्मान पाने वाले पहले भारतीय हैं। यह किसी देश द्वारा प्रधानमंत्री मोदी को दिया जाने वाला 21वां अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार है।
बता दें कि इससे पहले पीएम मोदी को 20 देशों ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया था पीएम मोदी की वैश्विक नेतृत्व क्षमता और भारत की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा इससे साबित होती है जिसे दुनियाभर में सराहा जा रहा है।
पीएम मोदी का मॉरीशस में प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा गर्मजोशी से स्वागत
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मॉरीशस दौरे पर हैं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का मंगलवार को मॉरीशस में प्रवासी भारतीय समुदाय द्वारा गर्मजोशी से स्वागत किया गया और समुदाय की महिलाओं ने 'गीत गवई' नामक पारंपरिक बिहारी सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से उनका स्वागत किया।
'गीत गवई' एक पारंपरिक भोजपुरी संगीत समूह है जो भारत के भोजपुरी क्षेत्र की महिलाओं द्वारा मॉरीशस लाई गई समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
मोदी ने 'एक्स' पर कहा, 'मॉरीशस में भारतीय समुदाय द्वारा किए गए गर्मजोशी भरे स्वागत से मैं बहुत अभिभूत हूं। भारतीय विरासत, संस्कृति और मूल्यों से उनका गहरा जुड़ाव वाकई प्रेरणादायक है। इतिहास और दिल का यह बंधन पीढ़ियों से चला आ रहा है।' उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ' मॉरीशस में यादगार स्वागत। सबसे खास बात थी गीत-गवई प्रस्तुति में दिखाई देने वाला गहरा सांस्कृतिक जुड़ाव। यह सराहनीय है कि कैसे महान भोजपुरी भाषा मॉरीशस की संस्कृति में फली-फूली है।'
प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक गीत का आनंद लेते देखा गया
मॉरीशस के होटल में पहुंचने पर भारतीय समुदाय ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। होटल में मौजूद लोगों ने उनका स्वागत 'भारत माता की जय' के नारे के साथ किया और भारतीय तिरंगा झंडा लहराया। 'गीत गवई' के सांस्कृतिक महत्व को मान्यता देते हुए, इसे दिसंबर 2016 में यूनेस्को की मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया गया था। गायकों के अनुसार, 'गीत गवई' का जीवन में विशेषकर विवाह में गहरा महत्व है, जहां इसकी शुरुआत देवताओं के आह्वान से होती है।
