देश

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 7 शूटर्स गिरफ्तार, पंजाब समेत कई राज्यों से हुई गिरफ्तारी

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 7 शार्प शूटर गिरफ्तार किए गए हैं।

Image

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शूटर्स हुए गिरफ्तार

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 7 शार्प शूटर गिरफ्तार किए गए हैं। सूत्रों के मुताबिक बाबा सिद्दिकी हत्याकांड के बारे में लॉरेंस के गैंग के सभी गिरफ्तार शुटर्स से स्पेशल सेल की पूछताछ जारी है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने लॉरेन्स बिश्नोई गैंग के इन शूटर्स को गिरफ्तार किया है। सभी शूटर्स पंजाब और आसपास के राज्यों से गिरफ्तार किए गए हैं। इनके पास से हथियार भी बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देशभर में लॉरेन्स बिश्नोई गैंग से जुड़े बदमाशों के ठिकानों पर छापेमारी की है। पुलिस की इसी छापेमारी के बाद 7 शूटर्स को गिरफ्तार किया गया है। बता दें, इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर नेशनल इंवेस्टिगेशन एजेंसी ने भी शिकंजा कसा है। NIA ने लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख रुपए का इनाम घोषित कर दिया है। अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु गैंगस्टर सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी आरोपी है।

अनमोल बिश्नोई पर 10 लाख रुपए का इनाम

इससे पहले एनआईए ने लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई के बारे में सूचना देकर उसे गिरफ्तार कराने पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है। अधिकारियों के अनुसार, गत अप्रैल महीने में अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित आवास के बाहर गोलीबारी की घटना में कथित संलिप्तता के सिलसिले में एनआईए को अनमोल बिश्नोई की तलाश है और उसे एजेंसी की सर्वाधिक वांछित अपराधियों की सूची में भी रखा गया है। माना जाता है कि अनमोल बिश्नोई उर्फ भानु कनाडा में रहता है और नियमित रूप से अमेरिका आता-जाता है। अधिकारियों ने कहा कि उसके सिर पर इनाम की घोषणा पिछले महीने की गई थी।

गत 12 अक्टूबर को हुई बाबा सिद्दीकी की हत्या

उन्होंने कहा कि मुंबई के बांद्रा में गत 12 अक्टूबर को हुई महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या के पीछे कथित रूप से अनमोल का हाथ माना जा रहा है। मुंबई की एक अदालत ने सलमान के घर के बाहर गोलीबारी की घटना में शामिल दो आरोपियों में से एक को पिछले दिनों जमानत देने से इनकार कर दिया था। अदालत ने कहा था कि उन्होंने अनमोल बिश्नोई के कहने पर सलमान को मारने की मंशा से या इसकी जानकारी होते हुए इस काम को अंजाम दिया था। पंजाब के फजिल्का निवासी अनमोल और लॉरेंस को मामले में वांछित आरोपी के तौर पर दर्शाया गया है। लॉरेंस इस समय गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। सलमान खान के घर के बाहर गोली चलाए जाने की घटना की जिम्मेदारी लेने वाले अनमोल बिश्नोई के खिलाफ एक लुकआउट सर्कुलर भी जारी किया गया था।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें