देश

Manipur Attack: मणिपुर में बम से हमला, दो बच्चों की मौत के बाद तेल टैंकरों और ट्रक में लगाई आग, इंटरनेट पर लगी रोक

Manipur Violence: घटना देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा।

Image

मणिपुर में रॉकेट से हमला, दो बच्चों की मौत, तेल टैंकरों और ट्रक में लगाई आग

Manipur Bomb Attack: मणिपुर के बिष्णुपुर जिले में संदिग्ध कुकी उग्रवादियों ने मंगलवार को बम (Manipur Bomb Attack) से हमला किया, जिसमें दो बच्चों की मौत हो गई तथा उनकी मां घायल हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। इस घटना के बाद स्थानीय निवासियों ने विरोध प्रदर्शन किया।

घटना देर रात करीब एक बजे हुई, जब मोइरांग ट्रोंग्लाओबी में संदिग्ध उग्रवादियों द्वारा फेंका गया बम एक घर पर गिरा। विस्फोट में पांच वर्षीय लड़के और छह महीने की बच्ची की मौत हो गई। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने इस हमले को 'बर्बर कृत्य' करार दिया और लोगों को आश्वासन दिया कि इस अपराध के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करके कानून के तहत उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इंटरनेट पर रोक

मणिपुर सरकार ने मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए, इंफाल पश्चिम, इंफाल पूर्व, थौबल, काकचिंग और बिष्णुपुर जिलों में इंटरनेट और मोबाइल डेटा सेवाओं को तत्काल प्रभाव से 3 दिनों के लिए अस्थायी रूप से निलंबित करने का आदेश दिया है।

जब बम फटा...तब

पुलिस अधिकारी ने कहा कि जब घर में बम फटा, उस समय दोनों बच्चे और उनकी मां सो रह थे। घटना के विरोध में स्थानीय निवासियों ने प्रदर्शन किया और इलाके में एक पेट्रोल पंप के पास दो तेल टैंकरों और एक ट्रक में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने मोइरांग थाने के सामने टायर जलाए और एक अस्थायी पुलिस चौकी को भी नुकसान पहुंचाया।

अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए इलाके में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद (CM Y Khemchand Singh) ने कहा कि यह हमला बर्बर कृत्य है। उन्होंने कहा कि यह मानवता पर सीधा हमला है तथा मणिपुर में बड़ी मुश्किल से कायम हुई शांति व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश है।

'जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी'

सिंह ने कहा,'मैं इसकी कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी, उन्हें ढूंढ निकाला जाएगा और कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे आतंकवादी कृत्यों को किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।'

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक की सुरक्षा के लिए दृढ़ संकल्पित है और शांति, कानून-व्यवस्था तथा स्थिरता बनाए रखने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि वे एकजुट रहें और उन तत्वों के खिलाफ मजबूती से खड़े हों जो सामूहिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करते हैं।

निचले इलाके में स्थित मोइरांग ट्रोंग्लाओबी, चुराचांदपुर के पहाड़ी क्षेत्रों के पास है और 2023 व 2024 में जातीय संघर्ष के चरम पर होने के दौरान यहां लगातार गोलीबारी की घटनाएं हुई थीं।

क्या है पूरा मामला?

एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मंगलवार को ट्रोग्लाओबी के पास के इलाके से एक विस्फोटक उपकरण भी बरामद किया गया है।

इस बीच, एनपीपी के स्थानीय विधायक टी शांति सिंह ने ट्रोंग्लाओबी आवांग लेकाई में हुए "क्रूर हमले" की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि कुकी नार्को-उग्रवादियों ने इसे अंजाम दिया।

उन्होंने कहा, 'यह जघन्य कृत्य आतंकवाद से कम नहीं है। ऐसे अमानवीय कृत्यों का हमारे समाज में कोई स्थान नहीं है और इसकी कड़े शब्दों में निंदा होनी चाहिए।' विधायक ने कहा, 'मैं जान गंवाने वाले पांच वर्षीय लड़के और पांच महीने की बच्ची को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं, जिन्हें इतनी निर्दयता से छीन लिया गया। इस असीमित दुख की घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।'

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article