देश

मुंबई-बेंगलुरु उड़ान के दौरान शौचालय में बंद हुआ यात्री, तोड़ना पड़ा दरवाजा, सदमे में निकला बाहर

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 17, 2024, 01:10 PM IST

इस घटना के बाद यात्री पूरी तरह सदमे में नजर आया। घटना फ्लाइट Spiceऱet एसजी-268 पर सामने आई, जिसने मंगलवार सुबह 2 बजे मुंबई हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।

Image

मुंबई-बेंगलुरु विमान (फाइल फोटो)

Man stuck in flight toilet: मुंबई-बेंगलुरु स्पाइसजेट फ्लाइट में एक पुरुष यात्री मंगलवार तड़के डेढ़ घंटे से अधिक समय तक शौचालय के अंदर फंसा रहा। बताया जा रहा है कि दरवाजे का लॉक खराब होने के कारण उसे टॉयलेट में फंसे रहना पड़ा। केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे (KIA) पर इंजीनियरों द्वारा शौचालय का दरवाजा तोड़ने के बाद उसे बाहर निकाला गया। टॉयलेट में फंसने से खासकर लैंडिंग के दौरान यात्री सदमे में था। केआईए सूत्रों ने कहा कि यह घटना फ्लाइट एसजी-268 पर सामने आई, जिसने मंगलवार सुबह 2 बजे मुंबई हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी।

शौचालय का दरवाजा हुआ बंद

इस यात्री के बारे में तुरंत पता नहीं चल सका। केआईए ग्राउंड स्टाफ के एक सदस्य ने कहा कि 14डी सीट पर बैठा यात्री उड़ान भरने के तुरंत बाद शौचालय गया था और सीटबेल्ट साइन बंद हो गई थी। दुख की बात है कि शौचालय का दरवाजा खराब होने के कारण वह अंदर फंस गया। यात्री की चिल्लाने की आवाज ने क्रू को सतर्क कर दिया, जिन्होंने बाहर से दरवाजा खोलने की भी कोशिश की। बेंगलुरू हवाईअड्डे के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि मुंबई से बेंगलुरु के लिए उड़ान के दौरान यात्री शौचालय के अंदर फंस गया।

एयरहोस्टेस ने नोट लिखा

जब क्रू को यह एहसास हुआ कि शौचालय का दरवाजा खोलने का कोई विकल्प नहीं है, तो एक एयर होस्टेस ने कागज पर बड़े अक्षरों में एक नोट लिखा, जिसमें लिखा था- सर, हमने दरवाजा खोलने की पूरी कोशिश की, लेकिन हम नहीं कर सके। घबराएं नहीं, हम कुछ ही मिनटों में उतर रहे हैं, इसलिए कृपया कमोड का ढक्कन बंद कर दें और उस पर बैठ जाएं। जैसे ही मुख्य दरवाजा खुलेगा, इंजीनियर आ जाएगा। उसने इस नोट को शौचालय के दरवाजे के नीचे सरका दिया।

तोड़ना पड़ा दरवाजा

ये फ्लाइट मंगलवार सुबह 3.42 बजे बेंगलुरु में लैंड हुई। इसके बाद इंजीनियर विमान में चढ़े, दरवाज़ा तोड़ा और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उस व्यक्ति को बाहर निकाला गया। यात्री को तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए ले जाया गया। अधिकारी ने कहा कि यात्री क्लॉस्ट्रोफोबिया के कारण पूरी तरह से सदमे में था। वहीं, स्पाइसजेट प्रवक्ता ने कहा कि शौचालय के अंदर फंसे यात्री को पूरा रिफंड दिया जा रहा है।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article