Kolkata Gangrape Case: कोलकाता के लॉ कॉलेज में फर्स्ट ईयर की छात्रा के साथ गैंगरेप मामले में पुलिस ने सुरक्षा गार्ड सहित अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले को लेकर भाजपा ने बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांग की है। भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए ममता सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जहां एक महिला मुख्यमंत्री हैं वहां महिलाओं के साथ ऐसी बर्बरता क्यों हो रही है?
संबित पात्रा ने क्या कुछ कहा?
इस दौरान संबित पात्रा ने कुछ तस्वीरें भी दिखाई और जघन्य घटना की जानकारी को लेकर तृणमूल कांग्रेस को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी सरकार को लगता है कि उनकी कोई जवाबदेही नहीं है... उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने इस जघन्य कांड को लेकर एक कमेटी का गठन किया है जिसमें चार सदस्य शामिल होंगे। यह समिति जल्द ही घटनास्थल का दौरा करेगी और जांच रिपोर्ट जेपी नड्डा को सौंपेगी। हमें लगता है कि ममता बनर्जी को इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के तुरंत बाद आकर इस्तीफा देना चाहिए और माफी मांगी चाहिए।
'ड्यूटी निभाने में विफल रहा गार्ड'
समाचार एजेंसी भाषा के मुताबिक, एक अधिकारी ने बताया कि हमने आज सुबह सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार कर लिया, क्योंकि उसके जवाब अस्पष्ट थे। सीसीटीवी फुटेज से कॉलेज में उसकी मौजूदगी की सूचना मिली थी। अधिकारी ने बताया कि गार्ड अपनी ड्यूटी निभाने में विफल रहा। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उस समय वह ड्यूटी पर अकेला था या नहीं।
अधिकारी ने कहा कि गार्ड ने इस बात का सही स्पष्ट जवाब नहीं दिया कि उसने उचित कार्रवाई क्यों नहीं की और तीनों आरोपियों को अपराध करने से क्यों नहीं रोका। साथ ही, उसे यह भी बताना होगा कि वह क्यों और किसके निर्देश पर अपना कमरा छोड़कर गया। यह भी अपराध में एक तरह की संलिप्तता है।
