TMC March: पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) की प्रक्रिया मंगलवार, 4 नवंबर से शुरू हो रही है। उसी दिन से बीएलओ (Booth Level Officer) घर-घर जाकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण फॉर्म भरवाएंगे, लेकिन इस दिन राजनीतिक माहौल भी गर्म रहने वाला है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस ने कोलकाता में एक विशाल पदयात्रा का आह्वान किया है।
इस पदयात्रा का नेतृत्व खुद मुख्यमंत्री और तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी तथा पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी करेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, कोलकाता और आसपास के जिलों के सभी नेता और कार्यकर्ताओं को मंगलवार दोपहर 1:30 बजे रेड रोड पर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के सामने एकत्र होने का निर्देश दिया गया है। पदयात्रा दोपहर 2:30 बजे से शुरू होकर जोरा संको ठाकुरबाड़ी तक जाएगी।
यात्रा की शुरुआत अंबेडकर प्रतिमा से और समापन रवींद्रनाथ टैगोर के घर ठाकुरबाड़ी पर करने के पीछे तृणमूल का स्पष्ट संदेश है- पार्टी संविधान निर्माता डॉ. अंबेडकर और बंगाल के गौरव टैगोर दोनों को इस अभियान के प्रतीक के रूप में जोड़ना चाहती है।
अभिषेक बनर्जी ने पहले 2 नवंबर को कोलकाता में एक केंद्रीय रैली करने की योजना बनाई थी, लेकिन उसी दिन शहीद मीनार मैदान में एक अन्य कार्यक्रम होने के कारण उसे स्थगित करना पड़ा। अब तृणमूल ने यह रैली SIR के आरंभ दिवस पर करने का निर्णय लिया है ताकि इस दिन को “लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता दिवस” के रूप में पेश किया जा सके।
अभिषेक ने शुक्रवार को पार्टी के करीब 18,000 तृणमूल नेताओं के साथ एक वर्चुअल बैठक की थी, जिसमें उन्होंने SIR के दौरान पार्टी की रणनीति समझाई। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ के हर घर दौरे के समय पार्टी का नियुक्त बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2) उनके साथ रहे और पूरी प्रक्रिया पर नजर रखे। सूत्रों के मुताबिक, अभिषेक का संदेश स्पष्ट है, “अगले कुछ महीनों तक बाकी सब कुछ भूलकर बीएलओ के साथ मिलकर काम करें ताकि किसी मतदाता का नाम सूची से छूट न जाए।” उन्होंने यह भी आदेश दिया कि 100 प्रतिशत फॉर्म भरवाने का लक्ष्य हर बूथ पर पूरा किया जाए।
