देश

’अमृत काल’ छात्रों के लिए ’मृत काल’- NEET Paper Leak पर सरकार पर बरसे खरगे, धर्मेंद्र प्रधान का मांगा इस्तीफा

NEET Paper Leak: नीट पेपर लीक मामले में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर हमला बोला है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा है।

Image

नीट पेपर लीक पर मल्लिकार्जुन ने सरकार को घेरा (फाइल फोटो- PTI)

NEET Paper Leak: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक (नीट-यूजी) में कथित अनियमितता से जुड़े मामले का हवाला देते हुए शनिवार को कहा कि मोदी सरकार में ’अमृत काल’ छात्रों के लिए ’मृत काल’ साबित हो रहा है और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री को चुप्पी तोड़नी चाहिए और ’परीक्षा-लीक पर चर्चा’ करनी चाहिए।

मोदी सरकार पर खरगे का हमला

खरगे ने कहा कि कई छात्र-छात्राओं ने नीट का प्रश्नपत्र लीक होने के कारण पहुंचे सदमे से आत्महत्या की है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लखीमपुर खीरी के रितिक मिश्रा, दिल्ली की 20 वर्षीय अंशिका पांडेय, राजस्थान में झुंझुनूं के प्रदीप मेघवाल, गोवा में रह रहे बेंगलुरु के एक छात्र ने यह कदम उठाया है। खरगे ने कहा, ’’किसी ने बचपन से सपना देखा, किसी ने परिवार की उम्मीदों के लिए सब कुछ दांव पर लगा दिया, वर्षों तैयारी की। लेकिन मोदी सरकार की भ्रष्ट और निकम्मी व्यवस्था ने उनके सपनों को रौंद दिया।’

धर्मेंद्र प्रधान से मांगा इस्तीफा

खरगे ने दावा किया कि ’मोदी राज’ में 90 से ज्यादा प्रश्नपत्र लीक हो चुके हैं तथा नौ करोड़ से ज्यादा छात्र और उनके परिवार प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा, ’’बेरोजगारी की आग पहले ही युवाओं का भविष्य बर्बाद कर रही है। भाजपा संरक्षित प्रश्नपत्र लीक माफिया सरकार के निष्पक्ष व पारदर्शी तरीके से परीक्षा कराने के दावों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कटाक्ष करते हुए कहा, ’’प्रधानमंत्री मोदी जी अब तो खुद ’फैक्ट चेक’ करने लगे हैं…। कल उन्होंने ’इज ऑफ लिविंग’ पर पोस्ट किया, पर नीट प्रश्नपत्र लीक और छात्रों की आत्महत्या पर चुप्पी साधे रहे।’’ खरगे ने आरोप लगाया कि ’नीट-2024’ का प्रश्नपत्र लीक होने के मामले में जिन अधिकारियों पर सवाल उठे, उन्हें सजा नहीं मिली, बल्कि उनको मलाईदार पद दे दिए गए। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि हर साल युवाओं का भविष्य लूटा जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री तुरंत इस्तीफा दें।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article