BMC Elections: महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (BJP) बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) चुनाव में 137 जबकि शिवसेना 90 सीट पर उम्मीदवार उतारेगी। मुंबई भाजपा के अध्यक्ष सातम ने नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि 30 दिसंबर से एक दिन पहले काफी विचार-विमर्श के बाद सीट बंटवारे का फॉर्मूला साझा किया। सातम ने कहा कि दोनों दल अपने-अपने कोटे से कुछ सीट गठबंधन साझेदारों को आवंटित करेंगे।
दोनों दलों के उम्मीदवार मंगलवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति में शामिल एक और दल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) बीएमसी चुनाव अलग लड़ रहा है। NCP अब तक 64 उम्मीदवार उतार चुकी है। महाराष्ट्र में बीएमसी समेत 29 नगर निकायों के चुनाव 15 जनवरी को होंगे। मतगणना अगले दिन होगी।
एनसीपी ने 27 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की
उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी ने सोमवार को मुंबई नगर निगम चुनाव के लिए 27 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की, जिससे नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से एक दिन पहले अब तक कुल उम्मीदवारों की संख्या 64 हो गई है। भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति की सहयोगी होने के बावजूद राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी बृहन्मुंबई नगर निगम चुनाव अलग से लड़ रही है, जबकि भाजपा और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने गठबंधन किया है।
इससे पहले, भाजपा के नगर अध्यक्ष अमित सातम ने एनसीपी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन से इनकार करते हुए कहा था कि बीएमसी चुनाव के लिए पार्टी के चुनाव प्रबंधन का जिम्मा एनसीपी नेता नवाब मलिक के पास है। मलिक पर मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने और दाऊद इब्राहिम के सहयोगियों से संबंध रखने का आरोप है। महाराष्ट्र भर में 227 सदस्यीय बीएमसी सहित 29 नगर निगमों के चुनाव 15 जनवरी को होने वाले हैं और वोटों की गिनती अगले दिन होगी।
कांग्रेस ने 70 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
वहीं, कांग्रेस ने सोमवार को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के 15 जनवरी को होने वाले चुनावों के लिए 70 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि से ठीक एक दिन पहले यह घोषणा की गई। यह सूची राष्ट्रीय पार्टी द्वारा पूर्व सांसद प्रकाश अंबेडकर के नेतृत्व वाली वंचित बहुजन अघाड़ी (वीबीए) के साथ 227 सदस्यीय बीएमसी चुनावों के लिए सीटों पर गठबंधन करने के एक दिन बाद जारी की गई। बीएमसी भारत का सबसे बड़ा और सबसे समृद्ध नगर निकाय है, जिसका वार्षिक बजट 74,000 करोड़ रुपये से अधिक है।
वीबीए, कांग्रेस के साथ गठबंधन में 62 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। इसी बीच, महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री महादेव जानकर की राष्ट्रीय समाज पक्ष (आरएसपी), जो कांग्रेस के साथ गठबंधन में बीएमसी चुनाव लड़ रही है, उसने भी अपने छह उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार के नेतृत्व वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) ने सात सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। विपक्षी महा विकास अघाड़ी (एमवीए) की घटक यह पार्टी मुंबई में किसी अन्य राजनीतिक दल के साथ गठबंधन नहीं कर पाई है।
