देश

नासिक में भीषण सड़क हादसा; कुएं में गिरी कार; छह बच्चों समते 9 की दर्दनाक मौत

नासिक के दिंडोरी तालुका में एक भीषण सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जब कार अनियंत्रित होकर पानी से भरे कुएं में गिर गई। सभी मृतक दरगुडे परिवार के सदस्य थे, जो एक कार्यक्रम से लौट रहे थे। हादसे के बाद एनडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Image

नासिक में एक कार कुएं में जा गिरी। 9 लोगों की मौत।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Nashik Car Accident: नासिक के दिंडोरी तालुका में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें छह बच्चों समेत 9 लोगों की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, एक कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे कुएं में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

निजी कार्यक्रम से लौट रहा था परिवार

बताया जा रहा है कि सभी मृतक इंदोरे गांव के दरगुडे परिवार के सदस्य थे, जिनमें सुनील दरगुडे, उनकी पत्नी और बच्चे भी शामिल हैं। परिवार एक निजी कार्यक्रम (स्नेहसंमेलन) से लौट रहा था, तभी यह हादसा हुआ। कड़ी मशक्कत के बाद कुएं से कार और शवों को बाहर निकाला गया। फिलहाल सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद मौके पर बचाव अभियान चलाया गया, जिसमें एनडीआरएफ की टीम भी पहुंची।

क्यों हुआ ये हादसा?

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ड्राइवर का कार से नियंत्रण छूटने के कारण यह दुर्घटना हुई। फिलहाल दिंडोरी पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। कार सड़क से फिसलकर सीधे पास के कुएं में जा गिरी। कुआं पानी से भरा हुआ था, जिसके कारण कार पूरी तरह उसमें डूब गई और अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके।

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा ये

राज्य के डिजास्टर मैनेजमेंट मिनिस्टर गिरीश महाजन ने एक्सीडेंट की जगह का दौरा किया। उन्होंने कहा कि एडमिनिस्ट्रेशन को कुआं बंद करने का आदेश दिया गया है और सरकार मृतकों के परिवार को 5 लाख रुपये की मदद देगी। उन्होंने कहा कि नासिक कलेक्टर को घटना की जांच करने और जांच रिपोर्ट देने के लिए कहा गया है। नागपुर में मीडिया से बात करते हुए, सीएम देवेंद्र फडणवीस ने एक्सीडेंट को “बहुत बुरा” बताया।

सीएम ने कहा कि शुरुआती जानकारी से पता चला है कि कुएं की बाउंड्री वॉल नीची थी और यह अक्सर आने-जाने वाले इलाके के बीच में था। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने प्रभावित परिवार के लिए फाइनेंशियल मदद का ऐलान किया है, और कहा कि सड़कों पर या आम लोगों की आवाजाही वाली जगहों पर मौजूद सभी कुओं की पहचान करने और उनका रिव्यू करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा, "ऐसी जगहों का ऑडिट किया जाना चाहिए ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या ये कुएं जरूरी हैं और क्या सेफ्टी उपाय किए जा सकते हैं।" उन्होंने आगे कहा कि ऊंची प्रोटेक्टिव वॉल से यह हादसा टल सकता था। डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने इस एक्सीडेंट को दिल दहला देने वाला और दर्दनाक बताया।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article