देश

J&K के शोपियां में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, लश्कर का टॉप कमांडर जाकिर अहमद गनी ढेर

Shopian Encounter: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने लश्कर के एक टॉप आतंकवादी को मार गिराया है।

Image

लश्कर का टॉप कमांडर ढेर

Photo : Times Now Digital

Shopian Encounter: जम्मू-कश्मीर के शोपियां में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सुरक्षाबलों ने लश्कर के एक टॉप आतंकवादी को मार गिराया है। जिसकी पहचान कुलगाम के जाकिर अहमद गनी के तौर पर हुई है।

चार दिनों से चल रहा सर्च ऑपरेशन

शोपियां जिले में पिछले चार दिनों से लश्कर के दो आतंकवादियों को तलाशा जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, तीन जुलाई को दो आतंकियों को सात गांवों वाले मीमांदर इलाके के एक घने बाग में लगे निगरानी कैमरों में पहली बार देखा गया था।

जिसके बाद से सेना, जम्मू-कश्मीर पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की कई टुकड़ियों की संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कड़ी कर रखी है। अधिकारियों के मुताबिक, घेराबंदी में फंसे आतंकियों की पहचान लतीफ और जाकिर के रूप में हुई है।

सुरक्षाकर्मियों और आंतकियों के बीच गोलीबारी

बीते दिनों, अधिकारियों ने बताया था कि आतंकवादियों ने कथित तौर पर सेना के जवानों के करीब पहुंचने पर गोलीबारी शुरू की। इसके बाद दोनों ओर से गोलीबारी हुई। सेना की विशेष आतंकवाद रोधी इकाई 'विक्टर फोर्स' ने घने बाग के रास्तों से आतंकियों के भागने की सभी संभावित कोशिशों को रोकने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की है। इसके अलावा इलाके में रोशनी की भी व्यवस्था की गई है।

अधिकारियों के मुताबिक, गर्मी के महीनों में घने पेड़-पौधों और पत्तियों के कारण आतंकवादियों को प्राकृतिक आड़ मिल जाती है, जिससे निगरानी करना मुश्किल हो जाता है। इसका फायदा उठाकर घिरे हुए आतंकी सुरक्षा घेरा तोड़ने के लिए उन जगहों का इस्तेमाल कर सकते हैं, जहां निगरानी कम होती है।

LeT के हैं दोनों आतंकवादी

सुरक्षा रिकॉर्ड के अनुसार, दोनों आतंकी दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले के रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि जाकिर वर्ष 2024 से लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा हुआ है जबकि लतीफ पिछले साल इस संगठन में शामिल हुआ था।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article