राजस्थान के लाल डायरी वाले विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा अब कांग्रेस छोड़ शिवसेना के साथ हो गए हैं। कुछ दिनों पहले ही कांग्रेस की अशोक गहलोत सरकार ने उन्हें मंत्रीमंडल से बाहर कर दिया था। जिसके बाद से वो लगातार कांग्रेस पर हमला बोल रहे थे।
एकनाथ शिंदे ने दिलाई सदस्यता
राजस्थान के बर्खास्त मंत्री और उदयपुरवाटी से विधायक राजेंद्र सिंह गुढ़ा शनिवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए। गुढ़ा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनका पार्टी में स्वागत किया। इस अवसर पर शिंदे ने कहा- ''मैं राजेंद्र सिंह गुढ़ा का शिवसेना परिवार में स्वागत करता हूं। राजस्थान की वीरता व शौर्य तथा महाराष्ट्र की वीरता व शौर्य का अब मिलन हुआ है और दोनों साथ-साथ आगे बढ़ेंगे।''
इस साल होने हैं चुनाव
राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसमें शिवसेना के किस्मत आजमाने के सवाल को शिंदे ने यह कहते हुए टाल दिया कि वो क्षेत्र के विकास के लिए चुनाव लड़ते हैं, विकास की राजनीति करेंगे। शिंदे ने कहा- ''हमें जनता के लिए जनता की प्रगति और राज्य के विकास के लिए काम करना है। महाराष्ट्र की तरह यहां भी विकास की जरूरत है।''
कौन हैं राजेंद्र सिंह गुढ़ा
बता दें कि गुढ़ा ने मंत्री रहते हुए 17 जुलाई को विधानसभा में कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी ही सरकार को घेरा था, जिसके बाद उन्हें मंत्री पद से बर्खास्त कर दिया गया था। उन्होंने सदन में कथित 'लाल डायरी' लहराने का प्रयास किया था। गुढ़ा उन छह विधायकों में से एक हैं, जिन्होंने 2018 का विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के टिकट पर जीता था, लेकिन बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (News in Hindi) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और (आज की ताजा खबर) के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।
