देश

कोलकाता के बेहाला में BJP और TMC समर्थकों में जबरदस्त झड़प, आगजनी और तोड़फोड; आखिर क्यों मचा बवाल, जानें

कोलकाता के बेहाला पश्चिम इलाके में रविवार शाम बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच झड़प हो गई, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर कार्यक्रम में बाधा डालने और तोड़फोड़ के आरोप लगाए। नारेबाजी और धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Image

कोलकाता में बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के बीच हुई झड़प।(फोटो सोर्स: ANI)

Photo : ANI

कोलकाता के बेहाला पश्चिम (Behala Paschim) इलाके में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों के बीच रविवार शाम झड़प हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ने के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान नारेबाजी और धक्का-मुक्की की स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद मौके पर मौजूद सुरक्षा बलों ने हालात को संभालने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। हालांकि, अब तक किसी के गंभीर रूप से घायल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और झड़प के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

आखिर हुआ क्या?

बीजेपी ने आरोप लगाया कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने तेज आवाज में संगीत बजाकर उनकी बैठक में बाधा डाली और बैठक स्थल पर अपने झंडे लगा दिए. इसके बाद बीजेपी समर्थकों पर टीएमसी नेता सुदीप पोली द्वारा आयोजित कार्यक्रम में तोड़फोड़ करने का आरोप लगा। जवाबी कार्रवाई में टीएमसी समर्थकों ने एक अस्थायी स्टेज पर आग लगा दी और कार्यक्रम में तोड़फोड़ की।

अमित मालवीय ने क्या लगाया आरोप?

बीजेपी आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने घटना का इस घटना का एक वीडियो शेयर किय है। वीडियो पर प्रक्रिया देते हुए 'X' पोस्ट में लिखा, 'आसन्न हार के डर से तृणमूल कांग्रेस के गुंडों ने एक बार फिर कोलकाता की सड़कों पर राजनीतिक आतंक मचा दिया है। भाजपा के चुनाव सह-प्रभारी और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब द्वारा बेहाला पश्चिम में आयोजित परिवर्तन संकल्प सभा को संबोधित करने के कुछ ही देर बाद तृणमूल कार्यकर्ताओं ने सभा स्थल पर धावा बोल दिया, जमकर तोड़फोड़ की और उनके जाने के बाद व्यस्त बाजार के बीच सभा मंच को आग के हवाले कर दिया। यह चौंकाने वाली घटना आज शाम दक्षिण कोलकाता के बेहाला स्थित महत्वपूर्ण डायमंड हार्बर रोड पर घटी।'

उन्होंने आगे लिखा कि यह राजनीति नहीं है। यह संगठित हिंसा है। यह शासन नहीं है। यह भय फैलाना है। टीएमसी ने बंगाल को आतंक का रंगमंच बना दिया है। ममता बनर्जी के गुंडे सत्ता पर काबिज रहने के लिए राज्य भर में उत्पात मचा रहे हैं और लोकतंत्र को जला रहे हैं। टीएमसी शुद्ध बुराई है।'

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article