Kishtwar cloudburst: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को किश्तवाड़ त्रासदी को लेकर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से बात की और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
PM मोदी ने स्थिति का लिया जायजा
पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री अब्दुल्ला और राज्यपाल सिन्हा से बात कर किश्तवाड़ की स्थिति का जायजा लिया और हरसंभव सहायता करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री अब्दुल्ला ने बताया कि मुझे अभी-अभी पीएम मोदी का फोन आया। मैंने उन्हें किश्तवाड़ की स्थिति और प्रशासन द्वारा उठाए जा रहे कदमों के बारे में जानकारी दी। मेरी सरकार और इस दुखद बादल फटने से प्रभावित लोग उनके समर्थन और केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई सभी सहायता के लिए आभारी हैं।
किश्तवाड़ में कुदरत का कहर
किश्तवाड़ जिले में बादल फटने से अब तक 60 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 100 से ज्यादा घायल हो गए। जम्मू-कश्मीर प्राधिकारियों के मुताबिक, बरामद किए गए शवों में से 21 की पहचान की जा चुकी है। अब तक 160 से अधिक घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया है जिनमें से कई लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अधिकारियों ने कहा कि मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि माना जा रहा है कि अभी और लोग फंसे हुए हैं। जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने गुरुवार को चशोती गांव से लगभग 15 किलोमीटर दूर पद्दार में एक नियंत्रण कक्ष-सह-सहायता डेस्क स्थापित किया ताकि अचानक आई बाढ़ के बाद लोगों और तीर्थयात्रियों की सहायता की जा सके। नियंत्रण कक्ष के लिए पांच अधिकारियों को तैनात किया गया है।
