देश

मानसून सत्र से पहले कपिल सिब्बल ने भाजपा पर लगाया बड़ा आरोप, कहा- दो-तिहाई बहुमत के लिए हो रही है जोड़-तोड़

Monsoon Session: संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने भाजपा पर विपक्षी सांसदों को कथित तौर तोड़ने का आरोप लगाया और दावा किया कि सरकार दो-तिहाई बहुमत हासिल कर मनचाहे विधेयक लाना चाहती है।

Image

राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल (फाइल फोटो)

Monsoon Session: संसद के आगामी मानसून सत्र से पहले राज्यसभा सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने शनिवार को भाजपा पर विपक्षी सांसदों को कथित तौर तोड़ने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए टीएमसी के 20 सांसदों को नार्थईस्ट की पार्टी के साथ विलय करा दिया।

BJP पर बरसे कपिल सिब्बल

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा, ''भाजपा इस तरह खरीद-फरोख्त की राजनीति क्यों कर रही है? टीएमसी के 20 सांसदों ने नार्थईस्ट के एक ऐसे दल में विलय कर लिया, जिसके बारे में पहले शायद ही किसी ने सुना था, और वे संसद में बैठने लगे। अभी तक स्पीकर ने उसके बैठने की व्यवस्था पर कोई फैसला नहीं दिया है। सुना है एनसीपी के कुछ सांसदों को भी उन्होंने अपने पक्ष में कर लिया है। ''

उन्होंने कहा कि भाजपा ने आम आदमी पार्टी के सात सदस्य और शिवसेना के कुछ सांसद भी अपने पक्ष में कर लिए हैं। इस दौरान, कपिल सिब्बल ने भाजपा की सोच के बारे में चर्चा की। उन्होंने कहा, ''अगर सरकार को दो-तिहाई बहुमत मिल गया तो वह अपनी मनमानी से फैसले लेंगे... जैसा महिला आरक्षण बिल लाना चाहते हैं, ले आएंगे... परिसीमन जैसी चीजें अपनी इच्छानुसार करेंगे।''

इससे पहले, कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने आरोप लगाया था कि सरकार विभिन्न राजनीतिक दलों को तोड़कर संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा, ''अगर पार्टियों को तोड़कर दो-तिहाई बहुमत हासिल किया जाता है तो ऐसा बहुमत लोकतंत्र पर एक धब्बा होगा, लेकिन हमें नहीं लगता कि उन्हें ऐसा बहुमत मिलने की कोई गुंजाइश है।''

भाजपा ने आरोपों को किया खारिज

भाजपा ने कांग्रेस के इन आरोपों को सिरे से नकारते हुए कहा था कि वह 20 जुलाई से शुरू होने वाले मानसून सत्र में परिसीमन पर संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए संसद में दो-तिहाई बहुमत हासिल करने के मकसद से पार्टियों को 'विभाजित' कर रही है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article