देश

जमुई में लड़की से बदसलूकी को JDU प्रदेश अध्यक्ष ने बताया ‘छिटपुट घटना’, कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल

  • Agency by: Agency
  • Updated Sep 21, 2026, 05:41 PM IST

बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से बदसलूकी के मामले को लेकर सियासी विवाद खड़ा हो गया है। जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने घटना को ‘छिटपुट घटना’ बताया, जिसके बाद कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने उन पर निशाना साधा। वायरल वीडियो में कुछ युवकों द्वारा लड़की को रोककर उसके साथ बदसलूकी करते हुए दिखने का दावा किया जा रहा है।

Image

जमुई में लड़की के साथ हुई छेड़छात्र पर जदयू नेता ने दी प्रतिक्रिया।

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

बिहार के जमुई जिले में नाबालिग लड़की के साथ हुई हैवानियत ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। 19 सितंबर को लड़का-लड़की बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें बीच रास्ते में रोककर उनके साथ बदसलूकी की। इस घटना पर जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने ऐसा बयान दे दिया, जिस पर सियासी हंगामा मच गया है। जमुई में हुई बर्बरता को उन्होंने छिटपुट घटना बता दिया।

उन्होंने कहा, "कोई भी घटना घटती है तो सरकार संवेदनशील है। सरकार प्रशासन देख रही है। आरजेडी शासनकाल को याद कीजिए। 2005 के समय को याद कीजिए। आज कहीं भी कोई छिटपुट घटना घटती है तो उस पर सरकार संवेदनशील है। 2005 के पहले के समय को देखिए। उस समय कैसा बिहार था। कोई घर से बाहर निकलता था? क्या हालात थे? लोग किसी तरह जिंदगी काट रहे थे। आज कोई घटना घटी है तो प्रशासन काम कर रहा है।"

सुप्रिया श्रीनेत ने साधा निशाना

जेडीयू नेता के इस बयान पर कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने निशाना साधा है। उन्होंने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा, "जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा जमुई में हुई बर्बरता को एक छिटपुट घटना बता रहे हैं।"

क्या है पूरा मामला?

बदसलूकी का जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें देखा जा सकता है कि कुछ युवक जबरन लड़की को पकड़ रहे हैं। इस दौरान मुंह ढका एक युवक लड़की को गलत तरीके से उठा लेता है और उसके साथ छेड़छाड़ करता है। वीडियो में गाली-गलौज के साथ ही जिस तरह की का दुर्व्यवहार युवती के साथ किया जा रहा है वह बहुत ही अभद्र, घटिया और आपत्तिजनक है। इस अभद्र व्यवहार का वीडियो दिखाना तो दूर उसके बारे में बयां भी नहीं किया जा सकता। जमुई के पुलिस कप्तान ने इस घटना की पुष्टि कर दी है।

वायरल वीडियो में कुछ लोगों ने बाइक पर जा रहे लड़के और लड़की को रोका और उनके साथ बहुत ही घटिया हरकतें करने लगे। लड़की के साथ बेशर्मी से छेड़छाड़ की गई, जबकि इस दौरान लड़की बार-बार उन्हें जाने देने की गुहार लगाती दिख रही है। इसी दौरान जब पूछा गया कि वे कहां से हैं, तो लड़के ने जमुई बताया।

महिला आयोग ने जताई चिंता

बिहार राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष अप्सरा मिश्रा ने इस मामले को शर्मनाक बताया। उन्होंने बताया है कि 19 सितंबर की इस घटना का वीडियो कल वायरल किया गया है। इस मामले में दो लोगों की गिरफ्तारी हुई है, और लोगों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। अप्सरा मिश्रा ने कहा कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलाई जाएगी। राज्य महिला आयोग की टीम भी पीड़ित से मिलने जाएगी। उन्होंने कहा, दोषी कितने भी रसूख वाले हों, वे बचेंगे नहीं।

End of Article